जानिए, वेलेंटाइन डे पर कितना खर्च करते हैं लड़के-लड़कियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑनलाइन और दूसरे खुदरा विक्रेताओं को इस साल वेलेंटाइन-डे बिक्री को लेकर काफी उम्मीदें हैं और अनुमान लगाया जा रहा है कि इस दौरान रिकार्ड 22,000 करोड़ रुपए का बिक्री कारोबार होगा।
प्यार और दोस्ती का इजहार करने वाले इस त्योहार में वेलेंटाइन-कार्ड, फूलों के बुके, डायमंड आभूषण, चाकलेट, खिलौने, सिले सिलाये कपड़े, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और हाथ की घड़ी जैसे आम प्रचलित सामान की अच्छी बिक्री होगी।
सर्वेक्षण के अनुसार बहुराष्ट्रीय कंपनियों, बीपीओ, आईटी और बड़े औद्योगिक घरानों में काम करने वाले मोटा वेतन पाने वाले युवा वेलेंटाइन-डे पर 1,000 रुपए से लेकर 50,000 रुपए तक उपहार पर खर्च करते हैं, जबकि कालेज में पढ़ने वाले छात्र छात्रायें 500 रुपए से लेकर 10 हजार रुपए तक खर्च कर लेते हैं।
पुरूषों के लिये खासतौर के उपहार की खरीदारी भी इस दौरान काफी होती है। ब्रांडेड कंपनियों के कपड़े, सिल्क की टाई, चांदी के बटन लगे कपड़े, बेहतर बेल्ट, बटुआ और चाबी रखने वाली चैन सहित कई तरह की खरीदारी ने जोर पकड़ा है जिसकी कीमत 12,000 से लेकर 15,000 रुपए के दायरे में होती है।
पिछले साल कितना हुआ था कारोबार
उद्योग संगठन एसोचैम के एक ताजा सर्वेक्षण रिपोर्ट में यह अनुमान व्यक्त किया गया है। एसोचैम की इस रिपोर्ट के अनुसार इस साल वेलेंटाइन-डे सप्ताह के दौरान पिछले साल के मुकाबले 40 प्रतिशत अधिक खरीदारी होगी।
पिछले साल करीब 16,000 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ था, लेकिन इस बार आर्थिक स्थिति कुछ बेहतर रहने, लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ने और युवा जोड़ों में उत्साह होने से पिछले सारे रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है।
यही नहीं इस साल ऑनलाइन खरीदारी का भी काफी जोर रहने की उम्मीद है। ऑनलाइन खरीदारी कुल खरीदारी का 32 प्रतिशत रहने का अनुमान है जबकि पिछले साल 20.5 प्रतिशत खरीदारी ही ऑनलाइन की गई थी।
ऑनलाइन शॉपिंग से बढ़ा है उत्साह
एसोचैम ने इस संबंध में संगठित क्षेत्र की खुदरा कंपनियों और ऑनलाइन विक्रेता कंपनियों में करीब 600 कंपनियों से बातचीत की, जिसमें वेलेंटाइन-डे खरीदारी को लेकर अच्छी प्रतिक्रिया सामने आई है।
ऑनलाइन विक्रेता कंपनियों की ओर से प्रतिस्पर्धा की होड़ में एक से बढ़कर एक रियायतें और विकल्प दिये जाने से ऑनलाइन खरीदारी को लेकर उत्साह बढ़ा है।
एसोचैम ने इस संबंध में आभूषण, कपड़े, खिलौने, चाकलेट, ट्रैवल कंपनियों, एयरलाइंस, मोबाइल और दूरसंचार कंपनियों और इलेक्ट्रानिक कंपनियों के साथ बातचीत के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला है।
कंपनियों के लिए भी है खास है वेलेंटाइन डे
इसके अनुसार ये कंपनियां वेलेंटाइन-डे को देखते हुए विशेषतौर पर युवा जोड़ों और आईटी और आईटी से जुड़ी दूसरी कंपनियों, बीपीओ, खुदरा कारोबार करने वाली कंपनियों, बड़े कार्पोरेट हाउसों में अच्छे पदों पर काम करने वाले युवाओं तथा कालेज में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को लक्ष्य बनाकर आकर्षक पेशकश की तैयारी में हैं।
उद्योग संगठन एसोचैम के महासचिव डी.एस. रावत ने इस बारे में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि वेलेंटाइन-डे कंपनियों के लिये एक बडा खरीदारी महोत्सव होने जा रहा है। पिछले चार पांच साल के मुकाबले इस दिन को लेकर खरीदारों में पहले से अधिक उत्साह है।
6.5 करोड़ लोग कर सकते हैं खरीदारी
एसोचैम के ही एक अन्य सर्वेक्षण के अनुसार 2014 में उपभोक्ताओं के खर्च के तौर तरीकों में काफी तेजी आई है और ज्यादातर लोग ऑनलाइन खरीदारी को तवज्जो देने लगे हैं। ऑनलाइन शापिंग में कई तरह के उपहार का विकल्प है तो भुगतान करना भी काफी आसान है। इससे भी बड़ी बात कि समय की काफी बचत होती है।
सर्वेक्षण के अनुसार वेलेंटाइन-डे पर महिलाओं के मुकाबले पुरूषों का बजट औसतन दोगुने से अधिक रहता है। एसोचैम के अनुमान के मुताबिक 2014 में जहां चार करोड ग्राहकों ने ऑनलाइन खरीदारी की वहीं यह संख्या 2015 में बढ़कर 6.5 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।