Tomato: आपूर्ति में कमी के कारण टमाटर के भाव फिर उछले, मदर डेयरी स्टोर्स पर 259 रुपये प्रति किलो हुआ रेट
Tomato Price Rise: केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद 14 जुलाई से रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी में इसकी खुदरा कीमतों में नरमी आई थी, लेकिन कम आपूर्ति के कारण भाव फिर चढ़ गए हैं। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार टमाटर की खुदरा कीमत बुधवार को 203 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए, जबकि मदर डेयरी के सफल रिटेल स्टोर्स पर कीमत 259 रुपये प्रति किलोग्राम रही।
विस्तार
दिल्ली में टमाटर की कीमतों में एक बार फिर उछाल दिख रहा है। मदर डेयरी ने बुधवार को अपने सफल खुदरा स्टोर्स पर 259 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से इसकी बिक्री की। प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण आपूर्ति बाधित होने के कारण टमाटर की कीमतों पर एक महीने से अधिक समय से दबाव बना हुआ है। आने वाले कुछ दिनों में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि अगर परिस्थितियां अनुकूल हुईं तो सितंबर से टमाटर में दामों में कमी देखी जा सकती है।
मदर डेयरी के सफल रिटेल स्टोर्स पर टमाटर की कीमत 259 रुपये प्रति किलोग्राम
केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद 14 जुलाई से रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी में इसकी खुदरा कीमतों में नरमी आई थी, लेकिन कम आपूर्ति के कारण भाव फिर चढ़ गए हैं। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार टमाटर की खुदरा कीमत बुधवार को 203 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए, जबकि मदर डेयरी के सफल रिटेल स्टोर्स पर टमाटर की कीमत 259 रुपये प्रति किलोग्राम रही।
बेमौसम बारिश के कारण देश भर में प्रभावित हुई टमाटर की आपूर्ति
मदर डेयरी के प्रवक्ता के अनुसार, "मौसम की असामान्यता (बेमौसम बारिश) के कारण पिछले दो महीनों से देश भर में टमाटर की आपूर्ति प्रभावित हुई है। पिछले दो दिनों में आजादपुर, जो दिल्ली के लिए मुख्य मंडी है, में भी टमाटर की आवक में भारी गिरावट आई है। कम आपूर्ति के कारण थोक में कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिसके परिणामस्वरूप खुदरा कीमतों पर भी असर पड़ा है।"
एशिया की सबसे बड़ी फल व सब्जियों की मंडी में टमाटर के भाव 170-220 रुपये प्रति किलो
एशिया की सबसे बड़ी थोक फल और सब्जियों की मंडी आजादपुर मंडी में टमाटर का थोक भाव बुधवार को गुणवत्ता के आधार पर 170-220 रुपये प्रति किलो रहा। आजादपुर टमाटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कौशिक के अनुसार, "पिछले तीन दिनों में टमाटर की आवक कम हो गई है क्योंकि भारी बारिश के कारण उत्पादक क्षेत्रों में फसल को नुकसान पहुंचा है।" उन्होंने कहा कि आजादपुर मंडी में बुधवार को केवल 15 प्रतिशत टमाटर की आवक देखी गई क्योंकि केवल छह छोटे ट्रक जो कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के थे यहां पहुंचे। कौशिक ने हालांकि कहा कि अगले 10 दिनों में आपूर्ति की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।
वित्त मंत्रालय ने अपनी मासिक आर्थिक रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों के भाव पर कही ये बात
वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि जून में खाद्य पदार्थों की कीमतों में हालिया तेजी आरबीआई और सरकार की ओर से सतर्क दृष्टिकोण की आवश्यकता को रेखांकित करती है। मंत्रालय ने अपनी जून की मासिक आर्थिक रिपोर्ट में यह भी कहा कि जून 2023 तिमाही की शुरुआत से कोर मुद्रास्फीति में भी नरमी आ रही है, जो अर्थव्यवस्था में समग्र मूल्य स्थिरता की बहाली का संकेत देती है।
अर्थव्यवस्था में समग्र मूल्य स्थिरता के संकेत
उन्होंने कहा, "मुद्रास्फीति में जून 2023 तिमाही में पिछले साल की इसी तिमाही की तुलना में उल्लेखनीय गिरावट आई है और यह आरबीआई के सहिष्णुता बैंड में प्रवेश कर गई है। जून 2023 तिमाही की शुरुआत से मुख्य मुद्रास्फीति में भी नरमी आ रही है, जो अर्थव्यवस्था में समग्र मूल्य स्थिरता की बहाली का संकेत देती है।"
फलों, सब्जियों और दालों की कीमतों पर सतर्कता बरतने की जरूरत
बयान में कहा गया है, ''मौसम संबंधी व्यवधानों के कारण 'फलों', 'सब्जियों' और 'दालों' की कीमतों में वृद्धि ने सीपीआई-खाद्य मुद्रास्फीति को मई 2023 के 3 प्रतिशत से बढ़ाकर जून 2023 में 4.5 प्रतिशत कर दिया, इस पर आरबीआई और सरकार की ओर से सतर्कता बरतने की जरूरत है।"