छात्र यात्रा बीमा: विदेश में पढ़ाई के दौरान आपका साथी और सुरक्षा कवच, मेडिकल इमरजेंसी पर भी मिलता है कवर
विदेश में पढ़ाई रोमांचक अनुभव जरूर है, लेकिन अनचाही परेशानियों से बचाव के लिए छात्र यात्रा बीमा बेहद जरूरी हो गया है। कई विश्वविद्यालयों ने इसे अनिवार्य बनाया है। यह बीमा मेडिकल इमरजेंसी, सामान नुकसान और इवैक्यूएशन जैसे हालात में आर्थिक सुरक्षा देता है। आइए छात्र यात्रा बीमा के बारे में जानते हैं।
विस्तार
देश में पढ़ाई करना जीवन बदल देने वाला अनुभव होता है, जो शिक्षा, करियर ग्रोथ और व्यक्तिगत प्रगति में बड़े फायदे देता है। किसी नए देश में कदम रखना, वहां की अलग-अलग संस्कृतियों को जानना, विभिन्न तरह के खाने का स्वाद लेना और एक वैश्विक नेटवर्क बनाना बेहद रोमांचक होता है। लेकिन, इस पूरे सफर के बीच एक ऐसा सुरक्षा कवच होना जरूरी है, जो आपको अनचाही मुश्किलों से बचा सके। विदेश में पढ़ाई के दौरान छात्र यात्रा बीमा आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाता है।
यह मेडिकल इमरजेंसी, सामान खोने, यात्रा रद्द होने और अन्य अप्रत्याशित स्थितियों में आर्थिक सुरक्षा देता है। चाहे आप अकादमिक उद्देश्य से या घूमने के लिए यात्रा कर रहे हों, सही बीमा होने से आपका तनाव कम होता है और आप पढ़ाई एवं विदेश के अनुभवों पर ध्यान दे पाते हैं। भरोसेमंद छात्र यात्रा बीमा खरीदना समझदारी भरा कदम माना जाता है, जिससे आप अपने अंतरराष्ट्रीय सफर में निशि्चंत रहकर अपनी समग्र प्रगति पर ध्यान दे सकते हैं।
कई विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए छात्र बीमा अनिवार्य
आजकल कई विश्वविद्यालय छात्रों के लिए यात्रा और स्वास्थ्य बीमा को प्रवेश की अनिवार्य शर्त बना चुके हैं। छात्रा बीमा में आमतौर पर कवरेज की शुरुआत पर्सनल एक्सीडेंट प्रोटेक्शन से होती है, जिससे आप निकलने के वक्त से लेकर वापसी तक बीमित रहते हैं। इसमें विदेश में शारीरिक-मानसिक बीमारी के इलाज के साथ जरूरी डेंटल केयर भी शामिल है। तबीयत बिगड़ने पर आपको तुरंत घर वापस आना पड़े तो इमरजेंसी इवैक्यूएशन की सुविधा भी है। फैमिली विजिट का खर्च और अस्पताल में भर्ती रहने पर रोजाना भत्ता भी शामिल हो सकता है।
ये भी पढ़ें:- UPI: मुफ्त सुविधा के नाम पर आपके डाटा से हो रहा बड़ा समझौता, बहुत जरूरी है ये जानकारी
मिलते हैं ये जरूरी कवर
छात्र यात्रा बीमा पासपोर्ट-लैपटॉप चोरी, फ्लाइट डिले, चेक-इन बैगेज खोने और अनचाही घटनाओं के कारण यात्रा रद्द पर होने वाले नुकसान से भी बचाता है। छात्र की कनेक्टिंग फ्लाइट पहले से तय यात्रा में देरी से छूट जाए, तो पॉलिसी गंतव्य तक पहुंचने के लिए अगली उपलब्ध फ्लाइट का टिकट खर्च कवर करती है। फ्लाइट हाईजैक होने या छात्र को रोके जाने पर भी पॉलिसी एकमुश्त रकम देती है।
ट्यूशन फीस भी मिल सकती है वापस
पॉलिसी अवधि में गंभीर मेडिकल कंडीशन के कारण या माता-पिता की मृत्यु या गंभीर चोट के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़े, जिससे छात्र अपना सेमेस्टर पूरा न कर सके, तो बीमाकर्ता पहले से चुकाई गई ट्यूशन फीस को पॉलिसी में तय अधिकतम सीमा तक वापस करेगा।
ये भी पढ़ें:- Sebi: सेबी में बढ़ीं निपटान याचिकाएं; इस वित्त वर्ष में 703 आवेदन दायर किए गए, 284 का निपटारा हुआ
पैसे या कार्ड चोरी होने पर तुरंत मदद
यह पॉलिसी नकद या डेबिट या क्रेडिट कार्ड चोरी होने की स्थिति में, तुरंत आर्थिक सहायता देती है, ताकि छात्र तब तक अपना खर्च चला सकें, जब तक चोरी हुए सामान वापस न मिल जाएं। इतनी व्यापक सुरक्षा के साथ विदेश में पढ़ने वाले छात्र बिना तनाव रह सकते हैं, क्योंकि मुश्किल वक्त में भरोसेमंद साथी मौजूद है। -आशीष सेठी हेड-एजेंसी, हेल्थ डिस्ट्रीब्यूशन एंड ट्रैवेल, बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस