बिजनेस अपडेट्स: BSNL की 9000 करोड़ की संपत्ति बेचेगी सरकार; वीडियोकॉन के पूर्व प्रवर्तक वेणुगोपाल धूत दिवालिया
कर्ज के बोझ से जूझ रही सरकारी दूरसंचार कंपनियों बीएसएनएल और एमटीएनएल की 9,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां सरकार अगले वित्त वर्ष 2027-28 में बेचेगी। इससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनियों का कर्ज चुकाने में किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, इस योजना को अंतिम रूप दिया जा चुका है। दूरसंचार और डाक विभाग के सरकारी उपक्रमों पर करीब 50,000 करोड़ रुपये की देनदारी है। इसमें लगभग 30,000 करोड़ रुपये के सरकारी गारंटी वाले बॉन्ड भी शामिल हैं। इन देनदारियों को चुकाने के लिए सरकार ने हर साल 4,000 से 5,000 करोड़ रुपये की संपत्तियों से आय जुटाने की योजना बनाई है। सूत्रों के अनुसार, पहले डाक विभाग, दूरसंचार विभाग, बीएसएनएल और एमटीएनएल की संपत्तियों के मालिकाना हक को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। पिछले दो वर्षों में इस समस्या को सुलझाया गया है। करीब 862 संपत्तियों के मामलों का निपटारा इस आधार पर हुआ कि हर विभाग अपनी संपत्ति अपने पास रखेगा।
12,668 करोड़ के कर्ज में वीडियोकॉन के पूर्व प्रवर्तक धूत दिवालिया घोषित
राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण ने वीडियोकॉन के पूर्व प्रवर्तक वेणुगोपाल धूत को दिवालिया घोषित किया है। एसबीआई के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक उन पर ब्याज-जुर्माने सहित 12,668.06 करोड़ रुपये बकाया थे। न्यायाधिकरण ने दिवालिया प्रक्रिया के लिए ट्रस्टी नियुक्त किया है। धूत को सात दिन में वित्तीय स्थिति का ब्योरा देना होगा। ट्रस्टी 90 दिन में प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपेगा। धूत ने सिलीगुड़ी परियोजना से 36 महीने में 600 करोड़ रुपये चुकाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे न्यायाधिकरण ने 17 जुलाई को प्रस्ताव खारिज कर दिया। इसके बाद एसबीआई ने 24 सितंबर को दिवालिया प्रक्रिया के लिए याचिका दायर की।
AI शेयरों में उछाल, अमेरिकी फेड बढ़ा सकता है ब्याज दरें
एआई शेयरों में उछाल आने से पिछले दो दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को हरियाली दिखी। ओवरऑल अमेरिकी शेयर बाजार में मिला-जुला हाल रहा। मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद वॉल स्ट्रीट में अनिश्चितता थी। एसएंडपी 500 में 0.3 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.5 फीसदी गिरा और नैस्डैक कंपोजिट 1.1 फीसदी चढ़ा। चिप कंपनी एनवीडिया के शेयर 2.8 फीसदी चढ़े। डेटा सेंटरों के निर्माण में मंदी की आशंका से एआई कंपनियों के शेयर गिरे थे। आईआरईएन का शेयर 20 फीसदी उछला और लैम रिसर्च ने 25 अरब डॉलर के शेयर बायबैक की घोषणा की। एआई के बाहर, एक्सॉन एंटरप्राइज 18.2 फीसदी और चार्टर कम्युनिकेशंस 6.2 फीसदी गिरे। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मजबूत रोजगार वृद्धि जारी है, जिससे मुद्रास्फीति बढ़ सकती है। फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ा सकता है।
भारत में SCO बैठक: भागीदारी पर पाकिस्तान ने नहीं लिया है फैसला
पाकिस्तान ने कहा है कि वह इस महीने के अंत में भारत में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में भाग लेने पर अंतिम निर्णय लेगा। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने शुक्रवार को पुष्टि की कि पाकिस्तान को नई दिल्ली में 20-22 नवंबर की बैठक के लिए भारत से निमंत्रण मिला है। देश का नेतृत्व संस्थागत परामर्श के बाद भागीदारी पर फैसला करेगा। भारत ने संस्कृति और विदेश मंत्रालयों द्वारा आयोजित इस मंच के लिए पाकिस्तान सहित सभी SCO सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। यह निमंत्रण महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पिछले साल मई में सैन्य टकराव के बाद भारत द्वारा किसी वरिष्ठ पाकिस्तानी मंत्री को आमंत्रित करने का पहला मौका है। पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को बैठक में बुलाया गया है। यह निमंत्रण तनावपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों की पृष्ठभूमि में आया है। भारत लगातार SCO में सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा उठाता रहा है।
