Market Wrap: शेयर बाजार में मजबूत क्लोजिंग; सेंसेक्स 1200 अंक चढ़ा, निफ्टी 25000 के पार, सोना 1800 रुपये टूटा
Sensex Closing Bell: लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,200.18 अंक या 1.48 प्रतिशत उछलकर सात महीने के उच्चतम स्तर 82,530.74 अंक पर बंद हुआ। इसमें 29 शेयरों में तेजी रही। एनएसई निफ्टी 395.20 अंक या 1.60 प्रतिशत बढ़कर सात महीने के उच्चतम स्तर 25,062.10 पर बंद हुआ। हालांकि सोने की कीमतों में गुरुवार को 1800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की गिरावट दिखी। आइए जानते हैं शेयर और सर्राफा बाजार का विस्तृत हाल।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निवेशकों की चौतरफा खरीदारी और शेयरों में ताजा विदेशी निवेश के चलते गुरुवार को बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 1,200 अंक चढ़ गया। दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी सात महीने में पहली बार 25,000 अंक से ऊपर बंद हुआ। डॉलर के मुकाबले रुपया गुरुवार को 22 पैसे गिरकर 85.54 पर बंद हुआ।
लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार
लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,200.18 अंक या 1.48 प्रतिशत उछलकर सात महीने के उच्चतम स्तर 82,530.74 अंक पर बंद हुआ। इसमें 29 शेयरों में तेजी रही। गुरुवार को पहले हाफ में इंडेक्स एक सीमा कारोबार करता दिखा। लेकिन, दोपहर के सत्र में बैंकिंग, ऑटो, आईटी और तेल व गैस शेयरों में तेज बढ़त के बाद इसमें तेजी आई। सत्र के दूसरे हाफ में सेंसेक्स 1,387.58 अंक या 1.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,718.14 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंचने में सफल रहा। एनएसई निफ्टी 395.20 अंक या 1.60 प्रतिशत बढ़कर सात महीने के उच्चतम स्तर 25,062.10 पर बंद हुआ। 50-अंकों वाला यह सूचकांक इससे पहले 15 अक्तूबर 2024 को 25,000 से ऊपर बंद हुआ था।
टाटा मोटर्स के शेयरों चार प्रतिशत से अधिक की बढ़त
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा मोटर्स सबसे ज़्यादा 4 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ सबसे ऊपर रहा। एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स, इटरनल, मारुति, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और इंफोसिस के शेयरों ने भी बढ़त में योगदान दिया। इंडसइंड बैंक एकमात्र शेयर रहा जो कमजोर होकर बंद हुआ।
ये भी पढ़ें: Apple: 'हर पांच में एक आईफोन बनता है भारत में', टैरिफ वॉर के बीच ट्रंप के कन्फ्यूजन का इसपर क्या असर? जानें
बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.94 प्रतिशत तथा मिडकैप सूचकांक 0.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ व्यापक बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए। सभी क्षेत्रीय सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जिनमें रियल्टी (1.87 प्रतिशत), ऑटो (1.86 प्रतिशत), सेवाएं (1.85 प्रतिशत), औद्योगिक (1.62 प्रतिशत), धातु (1.60 प्रतिशत), उपभोक्ता विवेकाधीन (1.57 प्रतिशत) और कमोडिटी (1.51 प्रतिशत) शामिल रहे।
एशियाई बाजारों में दिखी नरमी
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी,जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। बुधवार को अमेरिकी बाजार मिलेजुले रुख पर बंद हुए।
एफआईआई ने बुधवार को 931.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 3.65 प्रतिशत गिरकर 63.68 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 931.80 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। इससे पहले, बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 182.34 अंक या 0.22 प्रतिशत चढ़कर 81,330.56 पर बंद हुआ। निफ्टी 88.55 अंक या 0.36 प्रतिशत बढ़कर 24,666.90 पर बंद हुआ।
सोना 1800 रुपये टूटकर 95050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार विदेशी बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के बीच राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने का भाव 1,800 रुपये टूटकर 95,050 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु 1,800 रुपए गिरकर 94,600 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। बुधवार को 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 96,850 रुपये और 96,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमतों में भी लगातार चौथे दिन गिरावट जारी रही और यह 1,000 रुपए घटकर 97,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई।
ये भी पढ़ें: Unemployment Rate: अप्रैल 2025 में भारत की बेरोजगारी दर 5.1 प्रतिशत, सरकार ने पहली बार जारी किए मासिक आंकड़े
अबांस फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा, "निवेशकों के सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों से दूर जाने के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आ रही है। अमेरिका और चीन के बीच 90 दिनों के लिए टैरिफ कम करने के हालिया समझौते से बड़े पैमाने पर व्यापार युद्ध की आशंका कम हो गई है।"