रिलायंस Jio उतार रही 1000 रुपए में 4जी स्मार्टफोन
अपनी 4जी सेवा से टेलीकॉम मार्केट में धमाकेदार एंट्री करने वाली रिलायंस जियो ग्राहकों को एक और तोहफा देने जा रही है। सूत्रों की माने तो कंपनी जल्द ही देश का सबसे सस्ता 4जी स्मार्टफोन लांच करने जा रही है।
जानकार बता रहे हैं कि इस स्मार्टफोन की कीमत एक हजार रुपए के आस-पास होगी और इसे अगले साल जनवरी में लांच किया जा सकता है। हालांकि कंपनी की ओर से इस पर कोई खुलासा नहीं किया गया है, जानकार बता रहे हैं कि फोन में स्प्रेडट्रम 9820 प्रोसेसर लगाया गया है।
साथ ही इसमें अच्छी तस्वीरों के लिए अच्छा कैमरा, ब्लूटूथ, वाई-फाई के साथ बड़ा स्क्रीन डिस्प्ले लगाए जाने की उम्मीद है। बाजार में रिलायंस लाइफ के हैंडसेट पहले से ही मौजूद हैं जिनकी शुरुआती कीमत 2999 रुपए है।
अब अगर कंपनी 1000 रुपए में स्मार्टफोन लाती है तो जाहिर है लोग इसे हाथों हाथ खरीदेंगे। गौरतलब है कि जबसे रिलायंस ने जियो सेवा लांच की है 4जी स्मार्टफोन की मांग जबरदस्त तरीके से बढ़ गई है। डिमांड देखते हुए कई कंपनियों ने तो केवल 4जी स्मार्टफोन ही उतारने का निर्णय लिया है।
स्पीड देने में पिछड़ रही जियो
भारत में मोबाइल कंपनियां 20 से 25Mbps तक ही स्पीड दे रही हैं। लेकिन जियो सिम से पहले तो 25Mbps तक इंटरनेट स्पीड मिल रही थी, लेकिन अब स्पीड Kbps में आ रही है। हमने कुछ टाइम स्लोट में टेस्ट किया तो पाया कि सबसे ज्यादा 168 Kbps स्पीड आपको सुबह छह से नौ बजे के बीच मिलेगी।
तो आप समय का सदउपयोग कर मनचाही फिल्में, गानें और तस्वीरें इस समय पर डाउन कर सकते हैं। हां ये जरूर है कि जियो सिम पर किस टाइम स्लॉट में कितनी स्पीड मिलेगी, ये स्मार्टफोन के हार्डवेयर पर डिपेंड करता है।
स्मार्टफोन में पावरफुल प्रोसेसर और ज्यादा रैम होगी तो स्पीड दूसरे हैंडसेट की तुलना में बेहतर होगी। इसके साथ, आपके एरिया में नेटवर्क कैसे आ रहे हैं इससे भी इंटरनेट स्पीड पर फर्क पड़ेगा।