Reliance Succession Plan: उत्तराधिकार को लेकर बड़ा एलान कर सकते हैं मुकेश अंबानी, 45वीं एजीएम आज
Reliance Succession Plan: रिलायंस कंपनी के उत्तराधिकार की कमान अगली पीढ़ी को सौंपने की प्रक्रिया में बीते जून में मुकेश अंबानी ने अपने बेटे आकाश अंबानी को रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के सर्वेसर्वा का पद सौंप दिया है।
विस्तार
देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस समूह की एजीएम सोमवार को होनी है। पूरे कारोबार जगत की नजरें इस पर टिकी हैं। बाजार के जानकार मानते हैं कि इस एजीएम के दौरान रिलायंस के मुखिया मुकेश अंबानी जो भी घोषणा करेंगें वह कंपनी के उत्तराधिकारी को लेकर भी संदेश देगा।
जून महीने में आकाश अंबानी को सौंपी गई रिलायंस जियो इंफोकॉम की कमान
बता दें कि रिलायंस कंपनी के उत्तराधिकार की कमान अगली पीढ़ी को सौंपने की प्रक्रिया में बीते जून में मुकेश अंबानी ने अपने बेटे आकाश अंबानी को रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के सर्वेसर्वा का पद सौंप दिया है। आकाश अंबानी को आरजेआईओ के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चेयरमैन पद कर 27 जून से नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई थी।
पिछले साल ब्लूमबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में ये दावा किया था कि रिलायंस इंडस्ट्री के मुखिया मुकेश अंबानी अगली पीढ़ी को कारोबार का हस्तांतरण करने की तैयारियों में जुटे हैं। उस रिपोर्ट में यह भी कहा गया था तेल से लेकर टेलीकॉम तक फैले रिलायंस ग्रुप के कारोबार का उत्तराधिकारी चुनने में मुकेश अंबानी रिटेल चेन वॉलमार्ट के संस्थापक सैम वॉल्टन का मॉडल अपनाएंगे।
आपको बता दें कि वॉलमार्ट के संस्थापक ने अपना उत्तराधिकारी चुनने में बहुत ही सिम्पल मॉडल अपनाया था। उन्होंने अपने सक्सेज प्लान का मूल मंत्र रखा था- परिवार को केन्द्र में रखो, लेकिन मैनेजमेंट कंट्रोल अलग-अलग हाथों में दो।
मुकेश अंबानी खुद कर चुके हैं कंपनी की लीडरशिप को बदलने की वकालत
मुकेश अंबानी ने साल 2021 में अपने पिता धीरूभाई अंबानी के जन्मदिन पर आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में कहा था कि अब रिलायंस की लीडरशिप को बदले जाने की जरूरत है। इस कार्यक्रम में उन्होंने अपने बच्चों पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा था कि रिलायंस आने वाले समय में दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित और सशक्त कंपनियों में शामिल होगी।
खबरों के अनुसार मुकेश अंबानी अपने परिवार में उत्तराधिकारी तय करने के मामले में यह चाहते हैं कि बच्चों में उत्तराधिकार के सवाल पर कभी कोई शंका नहीं रहे। कुल मिलाकर वे नहीं चाहते थे कि जैसा विवाद उनके और उनके छोटे भाई अनिल अंबानी के बीच ग्रुप के बंटवारे को लेकर हुआ था, वैसी कोई परिस्थिति उनके बच्चों के बीच ना पैदा हो।
वर्ष 2002 में मुकेश ने संभाली थी कंपनी की कमान
आपको बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की मौत के बाद मुकेश अंबानी ने साल 2002 में ग्रुप के चेयरमैन का पद संभाला था। हालांकि उसके बाद उत्तराधिकार को लेकर उनके और उनके छोटे भाई अनिल अंबानी के बीच कुछ टकराव देखने को मिला था, जिसके बाद ग्रुप का दोनों भाइयों के बीच विभाजन कर दिया गया था। मुकेश अपने बच्चों के बीच ऐसी कोई परिस्थिति पैदा नहीं होने देना चाहते हैं।
गौरतलब है कि मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी के अलावे उनके तीनों बच्चे आकाश, ईशा और अनंत अंबानी रिलायंस ग्रुप के अलग-अलग बिजनेस में अपनी-अपनी भूमिका निभाते हैं। एक बार मुकेश अंबानी अपने बच्चों के बारे में यह भी कह चुके हैं कि उनके तीनों बच्चे एक दिन उनके पिता धीरूभाई अंबानी की विरासत को बुलंदियों पर ले जाएंगे।
अंबानी परिवार के बारे में कौन नहीं जानता? अंबानी परिवाद देश के सबसे अमीर लोगों में शुमार है। इस परिवार की लिगेसी कंपनी के संस्थापक धीरूभाई अंबानी के दौर में शुरू हुई। धीरूभाई अंबानी की मौत के बाद कंपनी का बंटवारा हुआ। फिलहाल रिलाइंस इंडस्ट्रीज की कमान धीरूभाई अंबानी के बड़े बेटे मुकेश अंबानी के हाथों में है। भाई अनिल अंबानी से बंटवारे के बाद से वे अब तक इस कंपनी के चेयरमैन बने हुए हैं।
ये हैं रिलायंस परिवार के मुख्य चेहरे
मुकेश और नीता अंबानी
देश के सबसे अमीर खानदान में से एक की बागडोर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के हाथों में है। धीरूभाई अंबानी के बड़े बेटे हैं मुकेश। उनका जन्म 19 अप्रैल 1957 को हुआ था। मुकेश अंबानी की शादी नीता अंबानी के साथ हुई थी और उनके एक बेटी व दो बेटे हैं, जो उनके कारोबार को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
ईशा अंबानी और आनंद पीरामल
मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी का जन्म 23 अक्तूबर 1991 को हुआ था। उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया और फिर मैकेंजी एंड कंपनी में काम भी किया। ईशा रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल में 2014 से ही डायरेक्टर हैं। ईशा की शादी आनंद पीरामल के साथ हुई है।
आकाश अंबानी और श्लोका मेहता
मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी की बात करें, तो उनका जन्म भी 23 अक्तूबर 1991 को हुआ था और आकाश रिलायंस जियो में डायरेक्टर हैं और इसकी एग्जिक्युटिव कमेटी के सदस्य भी हैं। साथ ही वह रिलायंस जियो के स्ट्रेटेजी हेड भी हैं। आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस में भी उनका अहम रोल है। वह फुटबॉल की इंडिया सुपर लीग से भी जुड़े हुए हैं। आकाश ने श्लोका मेहता के साथ शादी की है। दोनों के एक बेटा है पृथ्वी आकाश अंबानी।
अनंत अंबानी
मुकेश और नीता अंबानी के छोटे बेटे हैं अनंत अंबानी। उनका जन्म 10 अप्रैल 1995 को हुआ था। अनंत ने ब्राउन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और उन्हें रिलायंस ग्रुप में एक अहम रोल दिया गया है। दरअसल, वे रिलायंस के ग्रीन बिजनेस की कंपनियों रिलायंस न्यू एनर्जी सोलर और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी में डायरेक्टर हैं। उनकी गर्लफ्रेंड राधिका मर्चेंट हैं। अनंत के पास गुजरात में रिलायंस के जू प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी भी है।