PM Modi US Visit: पीएम के दौरे से कुछ सेक्टर के शेयरों में तेजी, अगर ये समझौते हुए तो आ सकता है जबरदस्त उछाल
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चार दिवसीय दौरे के लिए अमेरिका पहुंच गए हैं। पीएम का यह दौरा भारत की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरे से रक्षा क्षेत्र को लेकर बड़े समझौते की उम्मीद बताई जा रही है। ऐसे में पीएम के दौरे के पहले ही रक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी दिखने लगी है। सार्वजनिक क्षेत्र की सभी रक्षा कंपनियों के शेयरों में निवेशक इस दौरे को ध्यान में रखते हुए लगातार निवेश कर रहे हैं। इसके चलते ऐसी सभी कंपनियों के शेयरों में काफी तेजी देखने को मिल रही है। रक्षा क्षेत्र के शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।
दरअसल, भारत और अमेरिका दोनों देशों के लिए रक्षा क्षेत्र काफी अहम है। दोनों देशों के बीच अगर इस क्षेत्र में कोई डील होती है, तो मोदी सरकार की आत्मनिर्भर योजना को और बल मिलेगा। इसी वजह से रक्षा क्षेत्र के शेयर्स पर भी बाजार के जानकार सकारात्मक रुख जता रहे हैं। स्टॉक बाजार के जानकारों के मुताबिक, पीएम मोदी के यूएस दौरे के चलते रक्षा क्षेत्र इंडेक्स में अगले कुछ महीने तक तेजी का रुख दिख सकता है। मेक इन इंडिया बैनर के तहत भारत रक्षा तकनीकी ट्रांसफर और हथियारों के निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ता है, तो इससे भारत का रक्षा इकोसिस्टम बेहतर होगा। इसका फायदा कंपनियों को मिलेगा।
यह भी पढ़ें: PM Modi US Visit: यूक्रेन मामले में तीसरे पक्ष के लिए दुनिया देख रही भारत की तरफ, अमेरिका को है बड़ी उम्मीद
रक्षा क्षेत्र के शेयर में लगातार आ रही तेजी से उत्साह
प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे से पहले एचएएल के शेयरों में शानदार तेजी नजर आ रही है। इसके शेयर में पिछले 20 दिनों में 27 फीसदी की तेजी देखी गई है। मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के शेयर में भी तेजी देखी जा रही है। पिछले 20 दिनों में इसमें 75 फीसदी की तेजी देखी गई है। वहीं भारत डायनैमिक्स के शेयर 20 फीसदी की तेजी देखी गई है। इसी इसी तरह शिप बिल्डिंग कंपनी गार्डन रिच के शेयरों में भी उछाल देखा जा रहा है। शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि भारत में एक तरफ चुनावी माहौल है। वहीं ऐसे समय में पीएम मोदी का अमेरिका दौरा अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए काफी अहम साबित हो सकता है। भारत डायनैमिक्स, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड, हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड जैसी रक्षा क्षेत्र की कुछ कंपनियां हैं, जिनमें आने वाले समय में और तेजी का रुख देखा जा सकता है। इन कंपनियों के शेयर में अगले तीन महीने में 15 से 20 फीसदी की तेजी देखी जा सकती है।
निफ्टी भी उच्चतम स्तर के करीब पहुंचकर टूटा
घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को हरे निशान पर कारोबार की शुरुआत हुई। इस दौरान सेंसेक्स 139.76 अंकों की बढ़त के साथ 63,467.46 अंकों पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 8.45 अंकों की तेजी के साथ 18,825.15 के स्तर पर ट्रेंड कर रहा था। हालांकि हरे निशान पर खुलने के बाद थोड़ी ही देर में सेंसेक्स 'आल टाइम हाई' को पार कर गया और 63588 के स्तर तक पहुंच गया। निफ्टी भी 18850 के पार पहुंचकर अपने रिकॉर्ड हाई के करीब पहुंचा। हालांकि ऊपरी स्तरों पर बाजार में बिकवाली दिखी। पीएम मोदी अमेरिका दौरे पर हैं ऐसे में शेयर बाजार की हलचल पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी।
इसलिए पीएम के दौरे के पहले आ रही तेजी
प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिका दौरे के दौरान तेजस लड़ाकू विमान के इंजन के लिए भारत-अमेरिका के बीच बड़ा करार हो सकता है। सार्वजनिक क्षेत्र की हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड और अमेरिका के जनरल इलेक्ट्रिक के बीच ये करार हो सकता है। दोनों ही कंपनियां मिलकर भारत में इंजन का निर्माण करेंगी। बेहद ही संवेदनशील 'टेक्नोलॉजी ट्रांसफर' भी इस डील का हिस्सा हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, GE F414 जेट्स तेजस मार्क-2 फाइटर विमानों में लगाया जाएगा। 2010 में ही भारत ने GE F414 इंजन को हल्के लड़ाकू विमान तेजस में लगाने का फैसला किया था। लेकिन बाद में यह डील ठंडे बस्ते में चली गई थी। लेकिन पीएम के इस दौरे से फिर करार होने की उम्मीद है।