LPG Prices: नए साल के पहले दिन पेट्रोलियम कंपनियों ने दिया तोहफा, एलपीजी और विमान ईंधन की कीमतों में कटौती
LPG Prices: दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 14.50 रुपए घटकर 1804 रुपये हो गईं हैं। वहीं पहले इसके लिए 1818.50 चुकाने पड़ रहे थे। कोलकाता में एक जनवरी से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें 16 रुपए घटकर 1911 रुपये हो गईं, पहले इसकी कीमत 1927 रुपये थी। इसके अलावे विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में भी कटौती की गई है। आइए इस बारे में विस्तार से जानें।
विस्तार
नए साल 2025 के पहले दिन पेट्रोलियम कंपनियों ने खास तोहफा दिया है। 01 जनवरी 2025 की पहली सुबह एलपीजी गैस के ग्राहकों के लिए राहत भरी रही। ऑयल एंड गैस मार्केटिंग कंपनियों ने पहली जनवरी से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती का एलान किया है।
दिल्ली से मुंबई तक में गैस सिलेंडर की कीमतों में 14-16 रुपये प्रति सिलेंडर की कमी की गई है। हालांकि, फिलहाल ये कटौती सिर्फ 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई है। वाणिज्यिक एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडरों का इस्तेमाल होटलों व रेस्तरां में किया जाता है। घरेलू रसोई गैस यानी 14 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 14.50 रुपए घटकर 1804 रुपये हो गईं हैं। वहीं पहले इसके लिए 1818.50 चुकाने पड़ रहे थे। कोलकाता में एक जनवरी से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें 16 रुपए घटकर 1911 रुपये हो गईं, पहले इसकी कीमत 1927 रुपये थी।
वहीं, मुंबई में सिलेंडर 1771 रुपए से 15 रुपए घटकर अब 1756 रुपए का हो चुका है। चेन्नई में सिलेंडर 1966 रुपए का मिल रहा है। हालांकि, इन सभी शहरों में 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में इसकी कीमत 803 रुपये और मुंबई में 802.50 का ही मिल रहा है।
बीते साल दिसंबर महीने में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया गया था। इंडियन ऑयल के अनुसार, 19 किलो वाले एलपीजपी सिलेंडर की कीमत 16.50 रुपये बढ़े थे। इससे पहले नवंबर महीने में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हुआ था। सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर की कीमत तय करती है।
विमान ईंधन की कीमत में 1.5% की कटौती की गई
विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में बुधवार को 1.5 प्रतिशत की कटौती की गई। बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय कीमतों के अनुरूप कीमतों में मासिक संशोधन किया गया। सार्वजनिक क्षेत्र के ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) यानी विमान ईंधन की कीमत 1,401.37 रुपये प्रति किलोलीटर या 1.52 प्रतिशत घटकर 90,455.47 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी स्थित हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है।
दरों में यह कटौती मासिक वृद्धि के दो दौर के बाद की गई है। एक नवंबर को कीमतों में 2,941.5 रुपये प्रति किलोलीटर (3.3 प्रतिशत) की और एक दिसंबर 2024 को 1,318.12 रुपये प्रति किलोलीटर (1.45 प्रतिशत) की वृद्धि की गई थी। मुंबई में एटीएफ की कीमत बुधवार को 85,861.02 रुपये प्रति किलोलीटर से घटाकर 84,511.93 रुपये कर दी गई है।
वैट सहित स्थानीय करों के आधार पर एटीएफ और एलपीजी की कीमतें राज्य दर राज्य अलग-अलग होती हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर एटीएफ तथा रसोई गैस की कीमतों में संशोधन करती हैं।
पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। आम चुनाव से पहले मार्च के मध्य में कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।