Job Cut: इस कंपनी ने 900 कर्मचारियों को जॉब से बाहर किया, अमेरिका में 32 हजार टेक वर्कर्स की भी नौकरी गई
Job Cut: शाओमी ने आर्थिक मंदी से निपटने के लिए अपने तीन प्रतिशत कर्मचारियों को कंपनी से बाहर करने का फैसला किया है। हालांकि शाओमी की ओर से अब तक इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
विस्तार
स्मार्टफोन बनाने वाली चीन की कपंनी शाओमी ने अपने 900 कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी ने आर्थिक मंदी से निपटने के लिए अपने तीन प्रतिशत कर्मचारियों को कंपनी से बाहर करने का फैसला किया है। हालांकि शाओमी की ओर से अब तक इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि बीते कुछ महीनों में वैश्विक मंदी की आशंका के चलते दुनिया की कई बड़ी कंपनियों ने कर्मचारियों की छंटनी की है। इन कंपनियों में एपल और माइक्रोसाॅफ्ट जैसी दिग्गज टेक कंपनियां भी शामिल हैं।
भारत में कारोबार कर रहे कंपनियों ने भी बीते कुछ महीनों के दौरान अपने कर्मचारियों को कंपनी से बाहर किया है। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के कारण दुनिया की सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे पूरी दुनिया पर मंदी का खतरा मंडरा रहा है। दुनियाभर के लोग अभूतपूर्व महंगाई का सामना कर रहे हैं। महंगाई से निपटने के लिए भारत के रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) समेत दुनिया के कई देशों के केंद्रीय बैंकों ने ब्याज दरों को बढ़ाने का फैसला किया है।
टेक कंपनियों ने 32000 लोगों को जॉब से निकाला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार निजी कंपनियों की सूचना उपलब्ध करवाने वाली कंपनियों के आंकड़े यह स्पष्ट करते हैं कि बीते जुलाई तक अमेरिका में 32,000 से ज्यादा तकनीकी कामगार अपनी नौकरी से निकाले जा चुके हैं। कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने वाली कंपनियों में माइक्रोसॉफ्ट और मेटा (फेसबुक) जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।
शाओमी का राजस्व घटा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी का राजस्व साल के दूसरे क्वार्टर में घटकर 70.2 बिलियन यूआन पर पहुंच गया है। पिछले साल के इसी महीने में कंपनी के राजस्व की तुलना में इसमें 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। पिछली तिमाही की तुलना में इसमें भारी गिरावट देखने को मिली है। बताया जा रहा है इसे देखते हुए ही कंपनी ने अपने तीन प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी का फैसला किया है।