फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Investors' wealth swells by Rs 18.42 lakh cr in two days of mkt surge

Share Market: बाजार में दो दिन की तेजी के दौरान निवेशकों की संपत्ति ₹18.42 लाख करोड़ बढ़ी, जानिए बाजार का हाल

Tue, 15 Apr 2025 06:07 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कुमार विवेक Updated Tue, 15 Apr 2025 06:07 PM IST
सार

Share Market: 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ 1,577.63 अंक या 2.10 प्रतिशत उछलकर 76,734.89 अंक पर बंद हुआ। दो दिनों में बेंचमार्क सेंसेक्स 2,887.74 अंक या 3.91 प्रतिशत उछला है। आइए शेयर बाजार की चाल के बारे में विस्तार से जानें।

विज्ञापन
Investors' wealth swells by Rs 18.42 lakh cr in two days of mkt surge
सेंसेक्स क्लोजिंग बेल - फोटो : PTI

विस्तार

भारतीय बाजार के बेंचमार्क सूचकांक तीन दिनों की छुट्टी के बाद मंगलवार को खुले तो निवेशकों की चांदी हो गई। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों पर शुल्क में कुछ ढील देने और वाहनों पर लगने वाले शुल्क में संशोधन का संकेत दिए जाने के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी दिखी। इसका फायदा भारत के सेंसेक्स और निफ्टी को भी मिला। आंकड़ों के अनुसार घरेलू बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों के दौरान आई तेजी में निवेशकों को करीब 18.42 लाख करोड़ रुपये का मोटा फायदा हुआ है।

विज्ञापन


30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ 1,577.63 अंक या 2.10 प्रतिशत उछलकर 76,734.89 अंक पर बंद हुआ। दो दिनों में बेंचमार्क सेंसेक्स 2,887.74 अंक या 3.91 प्रतिशत उछला है। इस दौरान बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण दो दिनों में 18,42,028.91 करोड़ रुपये बढ़कर 4,12,24,362.13 करोड़ रुपये (4.81 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) हो गया। मंगलवार को निफ्टी भी 500.00 (2.19%) अंकों की बढ़त के साथ 23,328.55 के स्तर पर बंद हुआ।
विज्ञापन


बाजार में हुई बंपर खरीदारी पर मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, "वैश्विक इक्विटी बाजारों में तेजी से स्थानीय बेंचमार्क को बड़ा समर्थन मिला है। हाल के घटनाक्रमों से पता चलता है कि अगले कुछ हफ्तों में चल रहे टैरिफ युद्ध का कुछ समाधान हो सकता है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और एफआईआई फंड की मजबूत निकासी से निवेशकों के बीच अनिश्चितता अब भी काफी कायम है।"
विज्ञापन
विज्ञापन


मंगलवार को बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 3.21 प्रतिशत और मिडकैप सूचकांक में 3.02 प्रतिशत की तेजी आई। 

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख (वेल्थ मैनेजमेंट) सिद्धार्थ खेमका ने बाजार में तेजी पर कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से फोन, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स पर टैरिफ में अस्थायी राहत देने की घोषणा के बाद सकारात्मक वैश्विक बाजार संकेतों के कारण बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई। उन्होंने आयातित वाहनों और ऑटो पार्ट्स के लिए टैरिफ में संभावित छूट का भी संकेत दिया।"

बीएसई के सभी क्षेत्रीय सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। रियल्टी में 5.81 प्रतिशत, औद्योगिक में 3.76 प्रतिशत, पूंजीगत सामान (3.67 प्रतिशत), ऑटो (3.39 प्रतिशत), उपभोक्ता विवेकाधीन (3.12 प्रतिशत), वित्तीय सेवाएं (2.94 प्रतिशत) और धातु (2.75 प्रतिशत) में तेजी रही।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "यह तेजी पारस्परिक शुल्कों में अचानक आई रोक से आई है, जो आज भी जारी रही। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों पर भी छूट दी गई है। संभावित शुल्क राहत के कारण ऑटो शेयरों में तेजी आई है।" मंगलवार के कारोबारी सत्र के दौरान बीएसई में 3,302 शेयरों में तेजी रही और 785 में गिरावट आई।  169 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।


सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक सबसे आगे रहा, जिसमें 6.84 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। टाटा मोटर्स में 4.50 प्रतिशत की तेजी आई। लार्सन एंड टूब्रो, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचसीएल टेक भी बढ़त दर्ज करने वालों में शामिल रहे। आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर ही पिछड़े रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed