फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   international women day most powerful women in business of India who are making an impact by virtue of their business

ये हैं देश की 10 सबसे ताकवर महिलाएं, जिन्होंने कारोबार जगत में गाड़े सफलता के झंडे

Thu, 04 Mar 2021 04:48 PM IST
‌डिंपल अलावाधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: ‌डिंपल अलावाधी Updated Thu, 04 Mar 2021 04:48 PM IST
विज्ञापन
international women day most powerful women in business of India who are making an impact by virtue of their business
इन महिलाओं ने गाड़े कारोबार जगत में सफलता के झंडे - फोटो : pixabay

भारत की महिलाओं ने राजनीति, कला, सिनेमा, संगीत के अलावा कारोबार में भी अपनी सफलता के झंडे गाड़े हैं। आज कोई ऐसा क्षेत्र नहीं, जहां महिलाओं ने अपनी चमक और प्रतिभा का जलवा न बिखेरा हो। विशेषकर कुछ महिलाओं ने कारोबार जगत में अपनी कंपनियों को उस बुलंदी पर पहुंचाया, जिस वजह से फॉर्च्यून पत्रिका ने भी उन्हें सराहा है। फॉर्च्यून पत्रिका हर साल शक्तिशाली और प्रभावशाली महिलाओं की सूची जारी करती है। आइए जानते हैं फॉर्च्यून इंडिया 2020 की सूची के अनुसार, कारोबार जगत की देश की 10 सबसे शक्तिशाली बिजनेस वुमन के बारे में।

विज्ञापन

नीता अंबानी 
भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी और आईपीएल में मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नीता को फॉर्च्यून इंडिया 2020 की कारोबार जगत की सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली महिलाओं की सूची में शीर्ष पर रखा गया है। नीता अंबानी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर है। इसके साथ ही वे रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन भी हैं। इसके अतिरिक्त सोशल वर्क के लिए नीता अंबानी की दुनिया भर में खास पहचान है। हाल ही में उन्होंने भारत में डिजिटल जेंडर डिवाइड के खात्में के लिए 'यूनाइटेड स्टेट एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट' यानी USAID के साथ हाथ मिलाया था। 

जिया मोदी
जिया मोदी एक भारतीय कानूनी सलाहकार हैं और सबसे ताकतवर महिला उद्यमियों की सूची में दूसरे स्थान पर आती हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने अपनी डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए 20 अरब डॉलर एफडीआई के जरिए जुटाए। जिया मोदी की एजेडबी एंड पार्टनर्स आरआईएल की कानूनी प्रतिनिधि थी। इस कंपनी ने संकट में फंसे यस बैंक के पुनर्गठन पर भी काम किया। उनकी फर्म कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय द्वारा गठित विभिन्न समितियों का हिस्सा है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

किरण मजूमदार शॉ
किरण मजूमदार शॉ एक भारतीय उद्यमी और बायोटेक्नोलॉजी कंपनी बायोकॉन लिमिटेड की चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं। वे इस सूची में तीसरे स्थान पर आती हैं। जुलाई 2020 में उनकी कंपनी बायोकॉन को बायोजॉलिक दवा इटोलिजूमैब (Itolizumab) का प्रयोग कोविड-19 के मरीजों के इलाज में करने की भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से मंजूरी मिली थी। 2014 में उन्हें विज्ञान और रसायन विज्ञान की प्रगति में उत्कृष्ट योगदान के लिए ओथम गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। 

सुनिता रेड्डी
अपोलो अस्पताल की चेन को भारत में सबसे बड़ी चेन बनाने के पीछे सुनिता रेड्डी का बहुत बड़ा हाथ रहा है। सुनिता रेड्डी भी दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में से एक हैं। भारत की सबसे बड़ी अस्पताल श्रृंखला का सकल राजस्व वित्त वर्ष 2020 में 10,000 करोड़ रुपये रहा था। रेड्डी द्वारा संचालित अपोलो हॉस्पिटल्स ने कोरोना के मरीजों के लिए शुरुआत में 2,000 से अधिक बेड आवंटित किए थे, जिसमें 1,000 आईसीयू बेड थे। यह इसकी समग्र क्षमता का लगभग 15 से 20 फीसदी है। 14 सितंबर 2020 तक उन्होंने 37,000 कोरोना के मरीजों का इलाज किया और 1,50,000 से अधिक टेस्ट किए। 

विज्ञापन

रेणु सूद कर्नाड
रेणु सूद कर्नाड भारत की सबसे बड़ी गृह ऋण कंपनी एचडीएफसी लिमिटेड की प्रबंध निदेशक हैं। रेणू सूद कर्नाड को भी फॉर्च्यून की कारोबार महिलाओं की शख्सियतों में शुमार किया गया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी और मुंबई यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी में भी पढ़ाई की। 1978 में वे एचडीएफसी (हाउसिंग डेवलपमेंट हाउसिंग कॉरपोरेशन) से जुड़ी थीं। बाद में कई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वाह करने के बाद वे मैनेजिंग डायरेक्टर की पद पर पहुंची।

समीना हामिद
समीना हामिद सिप्ला कंपनी की कार्यकारी उपाध्यक्ष हैं और वे सिप्ला के संस्थापक परिवार की तीसरी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हैं। समीना ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से इंटरनेशनल अकाउंटिंग एंड फाइनेंस में एमएससी की है। जब भी बर्ड फ्लू, स्वाइन फ्लू, या एंथ्रेक्स जैसा कोई वैश्विक स्वास्थ्य संकट आया है, सिप्ला ने सस्ती जीवन-रक्षक दवाइयां उपलब्ध करवा कर बढ़त हासिल की है।

विनीता गुप्ता
2000 के दशक की शुरुआत में विनीता गुप्ता को ल्यूपिन के अमेरिकी व्यवसाय के निर्माण का काम सौंपा गया था। विनीता गुप्ता को फॉर्च्यून इंडिया 2020 की कारोबार जगत की सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली महिलाओं की सूची में सातवें स्थान पर रखा गया है। अमेरिका में ल्यूपिन तीसरी सबसे बड़ी जेनेरिक फार्मास्युटिकल कंपनी के रूप में उभरी है, जो प्रति वर्ष 17 अरब से अधिक दवा की खुराक देती है।

कली पुरी
साल 2017 में कली पुरी इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन बनीं। उन्होंने समूह को डिजिटल गेम में मजबूती से बनाए रखने में विशेष रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कली पुरी को टीवी चैनल, एप, डिजिटल न्यूजपेपर समेत तमाम मीडिया प्रॉपर्टीज को चलाने के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर के इवेंट्स आयोजित करने और ग्रुप के लिए सोशल मीडिया रणनीति बनाने का भी अच्छा-खासा अनुभव है।

आशु सुयश
आशु सुयश क्रेडिट रेटिंग इन्फॉर्मेशन सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (क्रिसिल) की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हैं। सुयश फॉर्च्यून इंडिया 2020 की कारोबार जगत की सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली महिलाओं की सूची में नौवें स्थान पर हैं। लॉकडाउन के दौरान, उनकी कंपनी ने मुंबई में 15 स्थानों पर 5,00,000 से अधिक भोजन प्रवासी श्रमिकों को भोजन परोसने के लिए '10K भोजन परियोजना' शुरू की थी।

रोशनी नाडर
दिग्गज टेक कंपनी एचसीएल के संस्थापक शिव नाडर की एकलौती बेटी और कंपनी की चेयरपर्सन रोशनी नाडर देश की सबसे अमीर महिलाओं में से एक हैं। हुरुन इंडिया के सर्वे के अनुसार, रोशनी नाडर की कुल संपत्ति 54850 करोड़ रुपये है। नाडर फॉर्च्यून की इस सूची में 10वें स्थान पर हैं। कंपनी के रणनीतिक फैसलों में शुरू से ही बड़ी भूमिका निभाने वाली रोशनी को महज 28 साल की उम्र में सीईओ बनाया गया था। एक साल बाद ही कॉरपोरेशन की कार्यकारी निदेशक बन गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed