कोरोना संकट की चपेट में पर्यटन कारोबार, यात्राएं रद्द कर रहे लोग: सर्वे
लोकल सर्किल ने कहा है कि, कई देशों ने चीन और कोरोना वायरस से प्रभावित दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुस्ती के बाद अब कोरोना संकट की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था प्रभावित होने लगी है। कामकाज पर भी असर पड़ने लगा है। पर्यटन कारोबार पर इसका कुछ ज्यादा ही असर दिखने लगा है क्योंकि कई देशों ने चीन और कोरोना वायरस से प्रभावित दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इस वजह से बड़ी संख्या में लोगों ने आगामी महीनों के लिए अपनी यात्रा रद्द करनी शुरू कर दी है। लोकल सर्किल के एक सर्वे में इसका खुलासा हुआ है।
सर्वे में शामिल 41 फीसदी लोगों ने कहा कि कोरोना संकट की वजह से वे गर्मी की छुट्टियों को लेकर चिंतित हैं, जबकि 72 फीसदी इसे लेकर सतर्क हैं। वहीं, 16 फीसदी लोगों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें यात्राएं नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह वायरस प्रभावित कर सकता है। तीन फीसदी लोगों को वायरस को लेकर कोई चिंता नहीं है। उनका मानना है कि कोरोना वायरस उन्हें प्रभावित नहीं कर सकता है। 70 फीसदी लोगों ने कहा कि पिछले 30 दिनों में चीन या सिंगापुर से आने वाले लोगों पर सरकार को विशेष नजर रखनी चाहिए।
31 फीसदी लोगों ने अभी नहीं की बुकिंग
स्कूली बच्चों की परीक्षाएं खत्म होने वाली हैं और कुछ महीनों में गर्मी की छु्ट्टियां भी आने वाली हैं। लेकिन, भारतीयों में कोरोना वायरस का डर इतना है कि इसका असर उनकी यात्राओं पर पड़ने लगा है। सर्वे में शामिल 39 फीसदी लोगों ने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से उन्होंने अभी तक गर्मी की छुट्टी में घूमने की योजना ही नहीं बनाई है। 31 फीसदी लोगों ने अभी तक बुकिंग नहीं की है। उनका कहना है कि स्थिति बेहतर होने के बाद ही वे बुकिंग करेंगे। हालांकि, 10 फीसदी लोगों ने बताया कि उन्होंने बुकिंग की है, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वे इसे रद्द कर सकते हैं।
नौ फीसदी लोगों में डर नहीं
सर्वे में शामिल कुछ लोगों ने कोरोना वायरस के खौफ को नकार दिया। सर्वे में शामिल नौ फीसदी लोगों ने कहा कि उन्होंने गर्मी की छुट्टियों के दौरान घूमने की योजना बनाई है और वे बिना किसी डर के यात्रा करेंगे। हालांकि, 16 फीसदी लोगों का मानना है कि भारतीयों को इस वायरस से डरने की आवश्यकता है। इसका उनपर भी असर पड़ सकता है। सिर्फ तीन फीसदी लोगों का मानना है कि किसी भी परिस्थिति में उनपर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
सर्वे में 40 हजार से ज्यादा लोग शामिल
लोकल सर्किल का कहना है कि इस सर्वे में 40 हजार से भी ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें टियर-1, टियर-2 और टियर-3 शहरों के लोगों को शामिल किया गया। इनमें से 39 फीसदी प्रतिभागी महिला थीं, जबकि 61 फीसदी प्रतिभागी पुरुष। गौरतलब है कि चीन में कोरोना वायरस से एक महीने में 1,800 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। 71,000 से ज्यादा लोग इस वायरस के शिकार हैं। भारत में अभी तक कोरोना वायरस के तीन ही मामले सामने आए हैं।