दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी में सस्ती हुई PNG, अब चुकानी होगी इतनी कीमत
सरकार के प्राकृतिक गैस के दाम में 12.5 फीसदी की बड़ी कटौती के बाद कंपनियों ने भी पीएनजी की कीमतों में कटौती कर दी है। इससे पहले तीन अक्तूबर को कंपनी ने सीएनजी की कीमतों में कटौती थी। दिल्ली-एनसीआर में पीएनजी 90 पैसे और सीएनजी करीब दो रुपये तक सस्ती हो गई है।
दिल्ली-एनसीआर के अलावा यूपी में भी घटी कीमत
आईजीएल ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की कीमतों में भी दिल्ली में 90 पैसे प्रति घनमीटर की कटौती की है, जबकि यूपी के शहरों में 40 पैसे घटाए हैं। कंपनी ने बताया कि दिल्ली और यूपी में अब पीएनजी के दाम समान रूप से 30.10 रुपये प्रति मानक घन मीटर हो गए हैं। कंपनी ने कहा है कि ऑफपीक ऑवर में आईजीएल स्मार्ट कार्ड से भुगतान करने वाले ग्राहकों को कैशबैक दिया जाएगा। आईजीएल के पंप पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक और रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक ग्राहकों को 50 पैसे प्रति किलो का कैशबैक दिया जाएगा।
पहले घटाई थी सीएनजी की कीमत
राजधानी में सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने रविवार को बताया कि दिल्ली में कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के दाम 1.90 रुपये प्रति किलोग्राम घट गए हैं, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमतों में 2.15 रुपये की कटौती हुई है। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 45.20 रुपये प्रति किलोग्राम जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 51.35 रुपये प्रति किलो हो गई है। आईजीएल ने बताया कि अन्य क्षेत्रों में हो रही कंपनी की आपूर्ति पुरानी दरों पर ही जारी रहेगी।
लगातार चौथे दिन घटे तेल के दाम
खुदरा बाजार में रविवार को लगातार चौथे दिन पेट्रोल-डीजल कीमतों में कमी आई है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों के मुताबिक, दिल्ली में पेट्रोल 15 पैसे घटकर 73.89 रुपये प्रति लीटर रहा, जबकि डीजल के दाम 12 पैसे घटकर 67.03 रुपये प्रति लीटर पर आ गए। लगातार चार दिन की गिरावट के बाद दिल्ली में पेट्रोल 72 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ है, जबकि डीजल के दाम 46 पैसे प्रति लीटर घट गए हैं। पेट्रोल के दाम 24 सितंबर के बाद पहली बार 74 रुपये से नीचे आए हैं।
दिसंबर में फिर 0.25 फीसदी रेपो रेट घटा सकता है आरबीआई : गोल्डमैन सॉक्स
इस साल रेपो रेट में पांच बार कटौती कर चुका रिजर्व बैंक दिसंबर में फिर ब्याज दर कटौती का तोहफा दे सकता है। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सॉक्स ने अनुमान जताया है कि रेपो रेट स्थिर करने से पहले आरबीआई दिसंबर में एक बार फिर 25 आधार अंक की कटौती कर सकता है।
गत शुक्रवार को मौद्रिक नीति समिति ने रेपो रेट 0.25 फीसदी घटाकर 5.15 फीसदी कर दिया है, जो एक दशक में सबसे कम है। गोल्डमैन सॉक्स ने कहा कि अक्तूबर में अमेरिकी फेड रिजर्व भी अपनी ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, जिससे इस बात की प्रबल संभावना बन जाती है कि आरबीआई 25 आधार अंकों की आखिरी कटौती करेगा। फर्म ने कहा कि दिसंबर तक खुदरा महंगाई दर 4 फीसदी के दायरे में रहेगी और इसके बाद एमपीसी इसकी समीक्षा करेगा।