अक्षय तृतीया पर सोने की 25 फीसदी ज्यादा बिक्री, डिजिटल गोल्ड बना पसंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अक्षय तृतीया के मौके पर मंगलवार को सर्राफा बाजार और आभूषण विक्रेताओं के यहां भीड़ रही और देशभर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। कारोबारियों का कहना है कि इस बार हल्के आभूषणों की ज्यादा मांग रही और सोने की कीमतें नरम रहने से पिछले साल के मुकाबले 25 फीसदी ज्यादा खरीदारी हुई है। हालांकि लोगों ने डिजिटल गोल्ड की खरीदारी भी की है।
हल्के आभूषणों की मांग में इजाफा
दिल्ली बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रमुख योगेश सिंघल का कहना है कि ग्राहकों की ओर से सोने की खरीद उत्साहजनक रही है। पिछले साल के मुकाबले इस साल सोने की बिक्री 25 फीसदी अधिक रहने का अनुमान है, क्योंकि इस साल सोने की कीमतें पिछले साल के मुकाबले कम हैं। साथ ही नोटबंदी और जीएसटी के साये से भी बाजार निकल चुका है।
आभूषण विक्र्रेताओं का कहना है कि इस महिलाओं में फैशन के अनुरूप हल्के आभूषणों की ज्यादा मांग रही और ड्रेस व कपड़ों के मैचिंग गहने खरीदने पर जोर रहा। कल्याण ज्वैलर्स के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक टीएस कल्याणरमन का कहना है कि इस साल अक्षय तृतीया पर उनकी बिक्री बढ़ी है। सोने के स्थिर मूल्य और प्रोत्साहन की योजना से भी ग्राहक आकर्षित हुए हैं।
तीन साल की सुस्ती खत्म
इस बार अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदारी ने तीन साल की सुस्ती को पीछे छोड़ा। आल इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन अनंथ पद्मनाभन ने कहा कि पूरे देश में खरीदारों का जोश दिखा, खासतौर पर दक्षिणी राज्यों में जमकर खरीदारी हुई है। सोने के दाम 32 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बने रहने से खरीदारों को आकर्षित करने में मदद मिली।
सोना 50 रुपये सस्ता
आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग गिरने के कारण मंगलवार को सराफा बाजार में सोना 50 रुपये गिरकर 32,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। इसके साथ ही चांदी का भाव भी 10 रुपये गिरकर 38,120 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंचा है।
आभूषण निर्माताओं की ओर से घरेलू बाजार में मांग गिरने के कारण सोने की खरीद के लिए शुभ माने जाने वाले अक्षय तृतीया के दिन भी सोने की कीमतों में गिरावट आई। न्यूयार्क में सोना 1,282.20 डॉलर प्रति औंस और चांदी 14.92 डॉलर प्रति औंस पर रहा। दिल्ली में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 50 रुपये गिरकर 32,670 रुपये और 32,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा।