Gold Silver Price: वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका से सोना 1550 रुपये कमजोर पड़ा, चांदी लगातार पांचवें दिन टूटी
Gold Silver Price: सोमवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,550 रुपये टूटकर 91,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इस दौरान लगातार पांचवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रखते हुए चांदी की कीमत 3,000 रुपए फिसलकर 92,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। आइए जानें सर्राफ बाजार का विस्तृत हाल।
विस्तार
आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की भारी बिकवाली तथा कमजोर वैश्विक रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने का भाव 1,550 रुपये टूटकर 91,450 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 93,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
चांदी की कीमतों में 3000 रुपये की गिरावट
99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,550 रुपये टूटकर 91,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 92,550 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। लगातार पांचवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रखते हुए सोमवार को चांदी की कीमत 3,000 रुपए फिसलकर 92,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। बीते शुक्रवार को चांदी 95,500 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
ये भी पढ़ें: China vs US: चीन ने अमेरिका पर दादागिरी करने का लगाया आरोप; कहा-टैरिफ का असर लेकिन 'कोई आसमान नहीं गिरेगा'
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटीज सेगमेंट के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार सोमवार को सोने की कीमत में गिरावट आई... क्योंकि शेयर बाजार और अन्य परिसंपत्ति वर्गों में घबराहट के कारण बिकवाली का माहौल बना। सुरक्षित निवेश वाली कीमती धातुओं पर दबाव फिलहाल जारी है।"
बीते पांच सत्रों में चांदी 10,500 रुपये कमजोर पड़ी
पिछले पांच सत्रों में चांदी की कीमतों में 10,500 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर सोना हाजिर 10.16 डॉलर या 0.33 प्रतिशत गिरकर 3,027.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी व करेंसी सेगमेंट के उपाध्यक्ष व शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, "निवेशकों का रुझान सतर्क रहा, क्योंकि वे बढ़ते व्यापार तनाव के बीच अमेरिका के अगले कदम के बारे में स्पष्टता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: RBI MPC: रिजर्व बैंक के एमपीसी की बैठक शुरू; रेपो रेट में 25 आधार अंकों के कटौती की उम्मीद, फैसला बुधवार को
खुदरा महंगाई के आंकड़ों से तय होगी बाजार की दिशा
त्रिवेदी ने कहा कि आगामी अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) डेटा ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जो वैश्विक स्तर पर सोने की दिशा को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजारों के लिए निवेशक इस सप्ताह के अंत में होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक की नीतिगत बैठक पर भी करीबी नजर रखेंगे। हालांकि, सोमवार को एशियाई बाजार में हाजिर चांदी का भाव 1.65 प्रतिशत बढ़कर 30.04 डॉलर प्रति औंस हो गया। कोटक सिक्योरिटीज के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ एलान और चीन की जवाबी प्रतिक्रिया से बाजार की धारणा प्रभावित हुई। इस दौरान व्यापक बाजार में मंदी की आशंका को देखते हुए कीमतों में भी तेज गिरावट देखी गई।