ED: ईडी की बड़ी कार्रवाई, अहमदाबाद में 11 करोड़ के बैंक लोन फ्रॉड की जांच में छापेमारी
ईडी ने करीब 11 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में धन शोधन जांच के तहत बुधवार को शहर में छापेमारी की। यह मामला ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शिकायत पर दर्ज सीबीआई की एफआईआर से जुड़ा है। इस बीच कोलकाता में विदेशी मुद्रा हेराफेरी के आरोपों के सिलसिले में ईडी ने दो स्थानों पर छापेमारी की।
विस्तार
ईडी ने बुधवार को अहमदाबाद में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत छापेमारी की। यह मामला लगभग 11 करोड़ रुपये के कथित बैंक लोन धोखाधड़ी से जुड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की उस एफआईआर पर आधारित है जो ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शिकायत पर दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनियां श्री ओम फैब, श्री बाबा टेक्सटाइल और श्री लक्ष्मी फैब, जो कारोबारी रंजीतकुमार जे लूनिया की स्वामित्व वाली फर्में हैं, ने जाली दस्तावेजों के आधार पर बैंक से कैश क्रेडिट सुविधा ली और बाद में इन फंड्स को अन्यत्र मोड़ दिया।
ये कंपनियां ग्रे कपड़े (सूटिंग और शर्टिंग का कपड़ा) के व्यापार में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में कुल तीन परिसरों की तलाशी ली जा रही है। इस मामले में कथित अपराध की राशि 10.95 करोड़ रुपये है।
कोलकाता में जेमस्टोन घोटाले के आरोप में ईडी ने की छापेमारी
इस बीच कोलकाता में विदेशी मुद्रा हेराफेरी के आरोपों के सिलसिले में ईडी ने दो स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, ईडी की टीम ने सॉल्ट लेक के CF ब्लॉक में एक जेमस्टोन एजेंट के आवास और फिर उनके कार्यालय की भी तलाशी ली, जो कि किरण शंकर रॉय रोड पर स्थित है। एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कोलकाता में एजेंट के घर और कार्यालय पर छापेमारी की जा रही है। हमारे अधिकारी विभिन्न दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।लगभग एक महीने पहले यह आरोप सामने आए थे कि सस्ते रत्नों को अत्यधिक बढ़ी हुई कीमतों पर बेचा जा रहा था। इसके बाद लगभग 350 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले के आरोप भी उठे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ED ने कई शहरों में जांच शुरू की थी। अधिकारी ने आगे कहा कि विदेशी मुद्रा हेराफेरी में शामिल सभी लोगों की पहचान करने, रैकेट के कामकाज का पता लगाने और पैसों के स्रोत को ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं।