GST Reforms: उपभोक्ताओं को लाभ, कंपनियों ने घटाईं कीमतें; जीएसटी सुधार पर उद्योग जगत की प्रतिक्रिया
जीएसटी सुधार के लागू होने के बाद कई कंपनियों ने उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए कीमतें घटाई हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि जीएसटी 2.0 पर उद्योग जगत ने क्या-क्या प्रतिक्रिया दी है।
विस्तार
जीएसटी की नई दरें 22 सिंतबर से लागू हो गई हैं। अब जीएसटी के 5 फीसदी और 18 फीसदी के सिर्फ दो स्लैब रह गए हैं। नई दरें लागू होने के साथ रसोई के सामान से लेकर दवाइयां, गाड़ियां, कपड़े, मकान खरीदना-बनवाना, बीमा उत्पाद और एसी-टीवी जैसे कई उत्पाद सस्ते हो गए हैं। इसके अलावा, दूध के टेट्रापैक, रोटी, खाखरा, निजी स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा उत्पादों, पढ़ाई-लिखाई से जुड़ीं कुछ चीजों और 33 से अधिक जीवनरक्षक दवाओं को जीएसटी से मुक्त कर दिया गया है। इसे लेकर उद्योग जगत ने तरह-तरह की प्रतिक्रियां दी है।
ये भी पढ़ें: GST के अब केवल दो स्लैब: पांच और 18 फीसदी जीएसटी के फैसले से उपजे 10 सवालों के जवाब, जिनका आम आदमी पर सीधा असर
हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर छूट से आम आदमी को राहत
पॉलिसी बाजार के चीफ बिजनेस ऑफिसर अमित छाबड़ा ने कहा कि जीएसटी सुधार ग्राहकों के लिए बेहद फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि अब हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर तुरंत 18% की छूट मिलेगी। छाबड़ा ने कहा कि सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन बीमा उत्पादों पर अब कोई जीएसटी नहीं लगेगा, जिससे जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस खरीदेंगे। मुझे लगता है कि यह एक बेहद सकारात्मक कदम है क्योंकि सरकार कह रही है कि यह एक अनिवार्य उत्पाद है और इसे देश के प्रत्येक नागरिक को खरीदना चाहिए।
अमूल ने कहा- जीएसटी कटौती का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा
अमूल के एमडी जयेन मेहता ने कहा कि हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमने जीएसटी कटौती का पूरा लाभ अपने सभी उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है। घी, मक्खन, पनीर और आइसक्रीम पर जीएसटी घटाकर पांच प्रतिशत करने से उपभोक्ताओं के लिए हमारे उत्पादों की कीमतों में बड़ी कमी आएगी। मांग में वृद्धि के साथ, इसका लाभ दीर्घावधि में हमारे लाखों उत्पादों को मिलेगा। हम सरकार के इन शानदार सुधारों के लिए आभारी हैं, जिससे न केवल आम जनता के लिए पोषण सस्ता हुआ है, बल्कि डेयरी उद्योग से जुड़े लाखों दूध उत्पादकों को सुनिश्चित रोजगार का भी साधन मिला है।
मदर डेयरी ने अपने उत्पादों में दो रुपये की कटौती की
प्रधानमंत्री मोदी के 'स्वदेशी' उत्पादों के प्रचार पर मदर डेयरी के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष बंदलीश ने कहा कि मदर डेयरी एक स्वदेशी कंपनी है, जिसने पिछले साल अपने 50 साल पूरे किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह आह्वान हमारी कंपनी के लिए फायदेमंद है क्योंकि हम उपभोक्ताओं के स्वाद और पसंद को अच्छी तरह समझते हैं। जीएसटी में बदलाव के बाद मदर डेयरी की कंपनी ने दो रुपये कटौती का ऐलान किया है। बता दें कि मदर डेयरी कंपनी ने पैकेज्ड दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती की है। एक लीटर टोंड टेट्रा पैक दूध के दाम को 77 रुपये से घटाकर 75 रुपये कर दिया है। इसने घी-पनीर समेत अन्य सामानों के भी दाम घटाए हैं।