फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Business Updates RBI Startups SEBI Share Market USD INR Value Commerce Trade Import Export Hindi News

Biz Updates: अनुराधा ठाकुर आरबीआई की केंद्रीय बोर्ड की निदेशक नामित, रिफाइनरी कंपनी नायरा के सीईओ का इस्तीफा

Fri, 25 Jul 2025 05:26 AM IST
शुभम कुमार बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Fri, 25 Jul 2025 05:26 AM IST
विज्ञापन
Business Updates RBI Startups SEBI Share Market USD INR Value Commerce Trade Import Export Hindi News
शेयर बाजार, कारोबार और वाणिज्य जगत की अहम खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

केंद्र सरकार ने वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग की सचिव अनुराधा ठाकुर को भारतीय रिजर्व बैंक के केंद्रीय बोर्ड में अजय सेठ के स्थान पर निदेशक के रूप में नामित किया है। इससे पहले अजय सेठ को सरकार ने आईआरडीए का प्रमुख नियुक्त किया है।

विज्ञापन


नायरा के सीईओ ने यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों से प्रभावित होने के कारण दिया इस्तीफा
रूसी तेल दिग्गज रोसनेफ्ट समर्थित भारतीय रिफाइनर, नायरा एनर्जी, जो हाल ही में यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों से प्रभावित हुई है, ने अपने पिछले सीईओ के इस्तीफे के बाद एक नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है, मामले से अवगत सूत्रों ने शुक्रवार को कहा। उन्होंने बताया कि एलेसेंड्रो डेस डोरिडेस ने पिछले सप्ताह नायरा एनर्जी के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया था और उनकी जगह सर्गेई डेनिसोव को नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन


यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब यूरोपीय संघ ने यूक्रेन के साथ युद्ध को लेकर रूस के खिलाफ नए उपायों के तहत नायरा पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। रोसनेफ्ट के पास नायरा एनर्जी लिमिटेड (पूर्व में एस्सार ऑयल लिमिटेड) में 49.13 प्रतिशत हिस्सेदारी है। नायरा गुजरात के वाडिनार में 20 मिलियन टन प्रति वर्ष की तेल रिफाइनरी का स्वामित्व और संचालन करती है, साथ ही 6,750 से अधिक पेट्रोल पंप भी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

कंपनी ने सीईओ के इस्तीफे के कारणों या परिस्थितियों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। 

DGCA को एयरलाइनों से 2,000 तकनीकी खामियों की रिपोर्ट
नागरिक उड्डयन मंत्रालय में राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बृहस्पतिवार को बताया कि 2021 से अब तक डीजीसीए को 2,000 से अधिक तकनीकी खामियों की सूचना दी गई है। इनमें से 183 तकनीकी समस्या की सूचना वर्ष 2025 में दी गई है। कांग्रेस सांसद एंटो एंटनी, भाजपा के सुधाकर, कांग्रेस के अदूर प्रकाश और ज्योत्सना चरणदास महंत की ओर से 2021 से भारत में संचालित वाणिज्यिक एयरलाइनों में खामियों की संख्या पर पूछे गए सवालों के जवाब में मोहोल ने यह जानकारी दी।

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कुल मिलाकर 85, जबकि इंडिगो और अकासा एयर ने क्रमशः 62 और 28 तकनीकी खराबियों की सूचना दी। स्पाइस जेट ने भी 8 तकनीकी खराबियों की सूचना दी। मोहोल ने लोकसभा को बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एअर इंडिया एक्सप्रेस के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ निर्देश का पालन करने पर दंडात्मक कार्रवाई की है। 

मजबूत विनिर्माण और विदेशी मांग से निजी क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत
देश के निजी क्षेत्र की वृद्धि दर जुलाई मेें मजबूत रही है। इसे मजबूत विनिर्माण और विदेशी मांग से समर्थन मिल रहा है। लेकिन, बढ़ती महंगाई और कमजोर रोजगार सृजन ने इस विस्तार को धीमा कर दिया है। समग्र विकास में नरमी के साथ कारोबारी विश्वास दो साल के निचले स्तर पर पहुंच गया।

एक सर्वेक्षण में कहा गया है कि कंपनियों ने बढ़ते मूल्य दबाव और प्रतिस्पर्धा को लेकर चिंता व्यक्त की। अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता को लेकर अनिश्चितता ने भी धारणा को प्रभावित किया। एचएसबीसी फ्लैश इंडिया कंपोजिट परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) 60.7 दर्ज किया गया। यह जून के 61.0 से थोड़ा कम है। पिछले चार वर्षों से इस आंकड़े में निरंतर वृद्धि दिख रही है। एचएसबीसी की भारत में मुख्य अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा, कुल बिक्री, निर्यात ऑर्डर और उत्पादन स्तर में वृद्धि से मजबूत प्रदर्शन को बल मिला। 

खाद्य सचिव बोले- गेहूं की पर्याप्त आपूर्ति से कीमतें स्थिर, खुले बाजार में बेचने की जरूरत नहीं
गेहूं की इस समय पर्याप्त आपूर्ति है, जिससे कीमतें भी स्थिर हैं। इसलिए, खुले बाजार हस्तक्षेप योजना (ओएमएसएस) के तहत सरकारी भंडार से गेहूं बेचने की कोई जरूरत नहीं है। खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने कहा, हमने काफी मात्रा में खरीद की है। सभी निजी कंपनियों ने भी ऐसा ही किया है। इसलिए बाजार में पर्याप्त आपूर्ति है। चोपड़ा ने कहा, ओएमएसएस का उद्देश्य कीमतों को स्थिर रखना है। 2024-25 में ओएमएसएस के तहत लगभग 30 लाख टन गेहूं बेचा गया था। 2023-24 में यह लगभग एक करोड़ टन था।

देश का गेहूं उत्पादन 2024-25 फसल वर्ष में रिकॉर्ड 11.75 करोड़ टन होने का अनुमान है। चोपड़ा ने कहा, सरकार 50 लाख टन चावल बेच रही है। इससे पंजाब, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और हरियाणा सहित 4-5 राज्यों में टूटे चावल की मात्रा 25 फीसदी से घटकर 10 फीसदी रह जाएगी। खाद्य सचिव ने कहा, इसका उद्देश्य 100 फीसदी टूटे चावल का 15 फीसदी हिस्सा डिस्टिलरी और अन्य को बेचना है। शेष 10 फीसदी को निजी व्यापारियों को नीलाम करना है। यह बिक्री घरेलू बाजार के लिए है। मिलें 15 फीसदी टूटे चावल को अलग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, अभी टूटे चावल निजी कंपनियों को बेचे जा रहे हैं। अगले चरण में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को भी शामिल किया जा सकता है। 10 फीसदी टूटे चावल की पीडीएस बिक्री के लिए किसी खास क्षेत्र का चयन अभी संभव नहीं है। 

संजय कपूर की मां ने सोना कॉमस्टार से एजीएम टालने की मांग की
सोना कॉमस्टार के दिवंगत चेयरमैन संजय कपूर की मां रानी कपूर ने कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। रानी कपूर ने कंपनी के बोर्ड को पत्र लिखकर यह मांग की है। कंपनी 25 जुलाई यह एजीएम करने वाली है। पत्र के अनुसार रानी ने अपने बेटे की संदिग्ध और अचानक मौत के बीच, परिवार के लिए गहरे शोक के समय एजीएम आयोजित करने पर कड़ी आपत्ति जताई।

स्पाइसजेट पांच बोइंग 737 विमान को करेगी शामिल
स्पाइसजेट ने पांच बोइंग 737 विमानों को शामिल करने के लिए लीज समझौते  को अंतिम रूप दे दिया है। ये विमान अक्टूबर में स्पाइसजेट के बेड़े में शामिल होने वाले हैं। इन विमानों को डैम्प-लीज आधार पर शामिल किया जा रहा है, जिसमें ऑपरेशनल क्रू को ऑपरेटर और एयरलाइन के बीच साझा किया जाएगा। 

एयरलाइन ने यह भी बताया कि वह अपने बेड़े को और मजबूत करने के लिए अन्य लीजदाताओं से भी उन्नत चरण की बातचीत कर रही है, ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय संचालन को विस्तार दिया जा सके। कई चुनौतियों का सामना कर रही बजट एयरलाइन स्पाइसजेट वर्तमान में बोइंग 737 और क्यू-400 विमानों का संचालन करती है। हालांकि, कंपनी ने अपने मौजूदा ऑपरेशनल विमानों की संख्या का खुलासा नहीं किया।

नई दिल्ली: भारत ग्लोबल साउथ के साथ एआई मॉडल साझा करने के लिए तैयार: आईटी सचिव एस कृष्णन
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि भारत सरकार उचित क्षमता और पैमाने हासिल करने के बाद अपने एआई मॉडल को वैश्विक दक्षिण के साथ साझा करने के लिए तैयार है। फिक्की के सम्मेलन भाषांतर 2025 में बोलते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सचिव एस कृष्णन ने कहा कि लोगों को सहज तरीके से संवाद करने में मदद करने के लिए भाषाओं के लिए प्रौद्योगिकी का विकास अर्थव्यवस्था में भारी मूल्यवर्धन कर सकता है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव ने भारत की यात्रा के दौरान भारत के एआई-संबंधी कार्यों की सराहना की थी। कृष्णन ने कहा, "हमारी चर्चा हुई और फिर उन्होंने कहा कि आपका मॉडल दिलचस्प लग रहा है। ऐसे समय में जब आपके पास कंप्यूटिंग और आपके पास मौजूद मॉडलों, दोनों के लिहाज से पर्याप्त क्षमता होगी, क्या आप इसे ग्लोबल साउथ के साथ साझा करने को तैयार होंगे? हमने घोषणा की है कि हम ऐसा करने के लिए तैयार हैं और हम ऐसा करेंगे भी।"

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed