Updates: LIC ने इस बैंक में बढ़ाई हिस्सेदारी; वित्त मंत्री ने जी-20 समूह के सदस्य प्रो. स्टर्न से की मुलाकात
बैक ऑफ महाराष्ट्र के लिए अच्छी खबर है। एलआईसी ने इस बैंक में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ा दिया है। कॉर्पोरेशन ने इसकी जानकारी खुद एक्सचेंज फाइलिंग में दी है। एलआईसी के मुताबिक हिस्सेदारी में ये बढ़त क्यूआईपी के जरिए शेयर अलॉटमेंट के बाद देखने को मिली है। इस बढ़त के साथ ही बैंक ऑफ महाराष्ट्र में एलआईसी की हिस्सेदारी 4.05 फीसदी से बढ़कर 7 फीसदी के पार पहुंच गई है। शुक्रवार के कारोबार में एलआईसी का स्टॉक करीब आधा फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है।
क्यूआईपी के जरिए जुटाए पैसे
एलआईसी ने शेयर बाजार को भेजी जानकारी के तहत कहा कि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (क्यूआईपी ) के तहत कॉर्पोरेशन को 25.96 करोड़ शेयर अलॉट हुए हैं, जो कि 3.376 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर हैं। ये अलॉटमेंट 57.36 रुपये प्रति शेयर के भाव पर अलॉट किए गए हैं। इस अलॉटमेंट के साथ बैंक में एलआईसी की हिस्सेदारी 4.05 फीसदी से बढ़कर 7.1 फीसदी पर पहुंच गई है। शुक्रवार के कारोबार में बैंक ऑफ महाराष्ट्र का स्टॉक 1.4 फीसदी की गिरावट पर 57.66 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एलआईसी का स्टॉक 0.36 फीसदी की बढ़त के साथ 971 के स्तर पर बंद हुआ।
यह अलॉटमेंट सेबी के विनियमन 30 के दिशानिर्देशों के तहत किया गया था। एलआईसी ने कहा कि उसने जुलाई 2023 में जारी सेबी सर्कुलर के तहत निर्धारित विवरणों सहित विनियामक आवश्यकताओं का अनुपालन किया है।
पिछले महीने यह थे हालात
इससे पहले पिछले महीने एलआईसी ने जानकारी दी थी कि महानगर गैस में उसने ओपन मार्केट में बिक्री के जरिए अपनी हिस्सेदारी को दो फीसदी घटा दिया। वहीं सितंबर में ही कॉर्पोरेशन ने ऑरोबिंदो फार्मा में अपनी हिस्सेदारी को घटाने की जानकारी भी दी थी। उस समय कॉर्पोरेशन ने कहा था कि उसने फार्मा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी को 25 नवंबर 2021 से 12 सितंबर 2024 के बीच ओपन मार्केट बिक्री के जरिए 5.01 फीसदी से घटाकर 2.265 फीसदी कर दिया है। दूसरी तरफ सितंबर में ही एलआईसी ने रेलवे पीएसयू स्टॉक आईआरसीटीसी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की भी जानकारी दी। रेलवे सेक्टर की मिनीरत्न पीएसयू में हिस्सेदारी को 7.278 फीसदी से बढ़ाकर 9.298 फीसदी कर दिया है।
वित्त मंत्री सीतारण ने जी-20 विशेषज्ञ समूह के सदस्य प्रो. स्टर्न से की मुलाकात
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक में बहुपक्षीय विकास बैंकों (एमडीबी) को मजबूत करने पर जी-20 विशेषज्ञ समूह के सदस्य प्रोफेसर निक स्टर्न के साथ चर्चा की। इस दौरान वैश्विक विकास के मुद्दों, विशेष रूप से एमडीबी की भूमिका और विकासशील देशों को जलवायु वित्त और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के महत्व पर ध्यान दिया गया।
वित्त मंत्री सीतारण ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'प्रोफेसर स्टर्न ने ग्लोबल साउथ की आवाज को केंद्र में लान के लिए भारत की जी-20 की अध्यक्षता की भूमिका की सराहना की। केंद्रीय वित्त मंत्री ने उल्लेख किया कि विश्व बैंक अपने विकास एजेंडे के तहत, बहुपक्षीय विकास बैंकों पर जी-20 स्वतंत्र विशेषज्ञ समूह की 30 सिफारिशों में से 27 पर सक्रिय रूप से विचार कर रहा है।'
बैठक के दौरान, वित्त मंत्री सीतारमण ने विश्व बैंक के विकास एजेंडा पर अपडेट साझा किए, जो जी-20 स्वतंत्र विशेषज्ञ समूह द्वारा रखी गई 30 सिफारिशों में से 27 पर सक्रिय रूप से विचार कर रहा है।
MCap: सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों का मार्केट कैप 4.74 लाख करोड़ रुपये घटा
सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से नौ के बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 4,74,906.18 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इस दौरान सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक को हुआ।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और विदेशी फंडों की सतत निकासी से बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 3,883.4 अंक या 4.53 प्रतिशत नीचे आया। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) 1,88,479.36 करोड़ रुपये घटकर 18,76,718.24 करोड़ रुपये पर आ गया।
एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 72,919.58 करोड़ रुपये घटकर 12,64,267.35 करोड़ रुपये रही। भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 53,800.31 करोड़ रुपये घटकर 9,34,104.32 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 47,461.13 करोड़ रुपये घटकर 8,73,059.59 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 33,490.86 करोड़ रुपये घटकर 6,14,125.65 करोड़ रुपये पर और हिंदुस्तान यूनिलीवर का 27,525.46 करोड़ रुपये घटकर 6,69,363.31 करोड़ रुपये पर आ गया।
आईटीसी की बाजार हैसियत 24,139.66 करोड़ रुपये घटकर 6,29,695.06 करोड़ रुपये पर आ गई। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 21,690.43 करोड़ रुपये घटकर 15,37,361.57 करोड़ रुपये रह गया।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का मूल्यांकन 5,399.39 करोड़ रुपये घटकर 7,10,934.59 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि, इस रुख के उलट इन्फोसिस का बाजार मूल्यांकन 4,629.64 करोड़ रुपये बढ़कर 7,96,527.08 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही।
उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एसबीआई, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और एलआईसी का स्थान रहा।
इस सप्ताह आने वाले हैं दो IPO, 365 करोड़ रुपये जुटने की उम्मीद
हाल के सप्ताहों में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की बाढ़ के बाद प्राथमिक बाजार में अब थोड़ी सुस्ती देखने को मिलेगी। अगले सप्ताह सिर्फ दो आईपीओ आ रहे हैं। इनके जरिये करीब 365 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।
सितंबर में मुख्य मंच पर 12 आईपीओ और एसएमई (लघु और मझोले उद्यम) खंड में 40 आईपीओ आए थे। सात अक्तूबर से शुरू होने वाले अगले सप्ताह मुख्य मंच पर गरुड़ कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग और एसएमई खंड पर शिव टेक्सकेम के आईपीओ आने हैं। गरुड़ कंस्ट्रक्शन आईपीओ के जरिये 264 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। गरुड़ कंस्ट्रक्शन का आईपीओ आठ को खुलकर 10 अक्तूबर को बंद होगा। वहीं, शिव टेक्सकेम का 8-10 अक्तूबर के दौरान अपने आईपीओ के जरिये 101 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने का लक्ष्य है।
इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के चलते अक्तूबर की शुरुआत से शेयर बाजार में काफी गिरावट आई है। प्राइमडेटाबेस के अनुसार, अस्थायी सुस्ती के बावजूद कुल मिलाकर आईपीओ बाजार का परिदृश्य सकारात्मक है। अभी 26 कंपनियों के पास आईपीओ के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी है, जिसके जरिये वे 72,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती हैं। इसके अलावा 55 कंपनियों के आईपीओ प्रस्ताव सेबी के पास विचाराधीन हैं। इन कंपनियों की आईपीओ के जरिये 89,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।
इस महीने दक्षिण कोरिया की वाहन कंपनी हुंदै की भारतीय इकाई हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड लगभग 25,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए प्राथमिक बाजार में उतरेगी। सूत्रों के अनुसार, कंपनी का आईपीओ 14 अक्टूबर को आ सकता है।
माना जा रहा है कि हुंदै का आईपीओ अबतक का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम होगा। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के नाम पर है, जिसके आईपीओ का आकार 21,000 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, इस साल अबतक 63 कंपनियों ने मुख्य खंड के आईपीओ के जरिये 64,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जो 2023 में इस मार्ग से 57 कंपनियों द्वारा जुटाई गई 49,436 करोड़ रुपये की राशि से 29 प्रतिशत है।
प्रबंध निदेशक का दावा- अमेरिका के बाद अमूल अब यूरोपीय बाजार में उतरने को तैयार
अमूल और गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ लिमिटेड (जीसीएमएमएफ) के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता का कहना है कि अमूल द्वारा हाल ही में अमेरिका में पेश किया गया दूध बेहद सफल रहा है। अब वह यूरोपीय बाजार में उतरने को तैयार है। उन्होंने कहा कि ऐसा होता है तो यह इस ब्रांड के लिए ऐतिहासिक पल होगा।
शनिवार को यहां निजी व्यवसाय प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई द्वारा आयोजित ‘अमूल मॉडल: लाखों के जीवन में बदलाव’ विषय पर 11वें डॉ. वर्गीज कुरियन स्मृति व्याख्यान में मेहता ने कहा, ‘भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है और आगामी वर्षों में दुनिया के कुल दूध उत्पादन का एक-तिहाई भारत में होगा।’
मेहता ने कहा कि डेयरी सिर्फ एक कारोबार नहीं है, यह ग्रामीण भारत के लिए जीवन रेखा है। अमेरिका में अमूल द्वारा हाल ही में पेश किए गए दूध के बारे में बात करते हुए मेहता ने कहा कि यह ‘बेहद सफल’ रहा है, और अब वे पहली बार यूरोपीय बाजार में उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रासंगिक बने रहने के लिए अमूल प्रोटीन युक्त, ऑर्गेनिक और रसायन मुक्त उत्पादों की पेशकश करने पर ध्यान केंद्रित करती है। उन्होंने अमूल के संस्थापक डॉ. कुरियन द्वारा विकसित परिवेश की सराहना की। अगर भारत दुनिया को कोई उपहार दे सकता है, तो वह सहकारी कार्य प्रणाली होगी - एक उपहार जो डॉ. कुरियन ने हमें दिया। सहयोग में उनके विश्वास ने भारत में एक नई क्रांति को जन्म दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि अमूल रोजाना 310 लाख लीटर से अधिक दूध एकत्र करती है। उन्होंने कहा कि भारत भर में 107 डेयरी संयंत्र और 50 से अधिक उत्पादों के साथ अमूल द्वारा सालाना 22 अरब पैक की आपूर्ति की जाती है। उन्होंने दावा किया कि अमूल का कारोबार 80,000 करोड़ रुपये का है और अब यह वैश्विक स्तर पर सबसे मजबूत डेयरी और खाद्य ब्रांड है, जिसके मालिक 36 लाख किसान हैं। डॉ. वर्गीज कुरियन की पुत्री निर्मला कुरियन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 50 साल से भी अधिक पहले उनके पिता ने यह सपना देखा था कि दूध की कमी वाला देश एक दिन आत्मनिर्भर बन सकता है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है।
एक्सएलआरआई जमशेदपुर के निदेशक फादर एस जॉर्ज ने कहा कि डॉ. वर्गीज कुरियन का जीवन बदलाव लाने की प्रतिबद्धता से जुड़ा था।