Biz Updates: गोल्ड ईटीएफ में 23.3 करोड़ डॉलर का निवेश; एरिक्सन ने 100 कनाडाई कर्मचारियों की छंटनी की
गोल्ड ईटीएफ में अगस्त में 23.3 करोड़ डॉलर का निवेश आया है। यह जुलाई, 2025 के 13.9 करोड़ डॉलर की तुलना में 67 फीसदी ज्यादा है। यह लगातार चौथा महीना है जब गोल्ड ईटीएफ में निवेश आया है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, इस पूरे साल में गोल्ड ईटीएफ में 1.23 अरब डॉलर का निवेश आया है। 2024 में 1.29 अरब डॉलर का निवेश आया था। दुनिया भर में गोल्ड ईटीएफ में निवेशक तेजी से पैसा लगा रहे हैं। अगस्त में वैश्विक गोल्ड ईटीएफ में 5.5 अरब डॉलर का निवेश आया था।
एरिक्सन ने लागत कम करने के लिए कर्मचारियों की छंटनी की
स्वीडिश टेलीकॉम कंपनी एरिक्सन ने लागत कम करने के तहत कनाडा में लगभग 100 तकनीकी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। कंपनी ने अपने वैश्विक पुनर्गठन के बीच यह निर्णय लिया है। ग्लोब एंड मेल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों को सोमवार को सूचित किया गया कि उन्हें सेवानिवृत्ति पैकेज और नौकरी परिवर्तन सहायता मिलेगी। साथ ही उनका अंतिम कार्य दिवस 31 अक्टूबर निर्धारित किया गया है। एरिक्सन के प्रवक्ता नाथन गिब्सन ने ग्लोब एंड मेल को बताया कि इस छंटनी से कंपनी की कनाडाई नेटवर्क प्रबंधन सेवा टीम उसके वैश्विक परिचालन के अनुरूप हो जाएगी। इससे उन्हें साझा उपकरणों और प्रक्रियाओं का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
इलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स को मिला 1,200 करोड़ का निवेश
एंबर समूह की सहायक कंपनी इलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स को क्रिसकैपिटल और इनक्रेड ग्रोथ पार्टनर्स फंड-1 से कुल 1,200 करोड़ का निवेश मिला है। इसमें क्रिसकैपिटल का 1,100 करोड़ और इनक्रेड पीई का 100 करोड़ है। यह निवेश इलजिन की ऑर्गेनिक और अधिग्रहण आधारित वृद्धि को तेज करेगा। कंपनी ने पहली बार इतना बड़ा फंड जुटाया है। इससे कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नई तकनीक अपनाने और रणनीतिक अधिग्रहणों के जरिये बाजार में स्थिति मजबूत करेगी।
एचडीएफसी बैंक ने चुनिंदा अवधि वाले कर्जों की ब्याज दरों में 0.05 फीसदी की कटौती की है। इसके बाद बैंक की ब्याज दर अब 8.55 फीसदी से 8.75 फीसदी के बीच हो गई है। छह महीने और एक साल की दर 8.70 फीसदी से घटकर 8.65 फीसदी हो गई है। दो साल की दर भी 8.75 फीसदी से घटकर 8.70 फीसदी हो गई है। तीन साल की दर 8.75 फीसदी पर अपरिवर्तित बनी हुई है। गौरतलब है कि फरवरी से जून के बीच आरबीआई ने रेपो दर में एक फीसदी की कटौती की थी।
मर्डोक के परिवार में मीडिया साम्राज्य के नियंत्रण पर अहम समझौता
अमेरिकी मीडिया दिग्गज रूपर्ट मर्डोक के परिवार ने उनकी मृत्यु के बाद मीडिया साम्राज्य के नियंत्रण पर समझौता कर लिया है। अब फॉक्स न्यूज की दिशा में कोई बदलाव नहीं होगा। 94 वर्षीय मर्डोक के उत्तराधिकारी के रूप में उनके चुने बेटे लैचलन मर्डोक को फॉक्स कॉर्प पर नियंत्रण मिलेगा। ट्रस्ट के तहत लैचलन के साथ उनकी छोटी बहनें ग्रेस और क्लोए भी शामिल होंगी। वहीं, तीन बड़े भाई-बहन प्रूडेंस मैकलियोड, एलिज़ाबेथ मर्डोक और जेम्स मर्डोक ने नियंत्रण का दावा छोड़ दिया है और बदले में 3.3 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के शेयर प्राप्त किए हैं।
टैरिफ से प्रभावित निर्यातकों की मदद के लिए सरकार एक पैकेज पर काम कर रही है। निर्यात पर पड़ने वाले प्रभाव के आकलन के लिए कई विभागों से बात हो रही है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, संबंधित विभागों या मंत्रालयों के साथ इस प्रभाव को साझा किया जा रहा है। सीतारमण ने कहा, हम विभागों से सुझाव ले रहे हैं। उन निर्यातकों की मदद के लिए कुछ योजना बनाई जा रही है, जो टैरिफ से प्रभावित हुए हैं। जब तक हमें वह आकलन नहीं मिल जाता, हम कैसे अनुमान लगा सकते हैं कि इसका कितना असर होगा? इसलिए हर संबंधित मंत्रालय अपने हितधारकों से बात कर रहा है। उच्च आयात शुल्कों से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में कपड़ा/वस्त्र, रत्न एवं आभूषण, झींगा, चमड़ा और जूते, पशु उत्पाद, केमिकल, और विद्युत एवं यांत्रिक मशीनरी जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्र शामिल हैं। फार्मा, ऊर्जा उत्पाद और इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे क्षेत्र इन शुल्कों के दायरे से बाहर हैं।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने सोमवार को 28वें यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस में UPI–UPU इंटीग्रेशन परियोजना का शुभारंभ किया। डाक विभाग, NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड और यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन द्वारा विकसित यह पहल अंतरराष्ट्रीय प्रेषण को तेज, सस्ता और सुरक्षित बनाएगी। सिंधिया ने इसे तकनीकी नहीं, सामाजिक संकल्प बताया और समावेशी, आधुनिक डाक क्षेत्र की भारत की दृष्टि साझा की। उन्होंने आधार, जन धन और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के जरिए 560 मिलियन खाते खोले जाने का उल्लेख किया। भारत ने 1 करोड़ डॉलर का योगदान और UPU परिषदों में प्रत्याशी बनने की घोषणा की।
सरकारी खर्च के लिए बॉन्ड बिक्री से 28000 करोड़ रुपये जुटाएगी केंद्र सरकार
केंद्र सरकार ने दो दिनांकित प्रतिभूतियों की बिक्री (पुनर्निर्गम) के जरिए 28,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना घोषित की है। इन प्रतिभूतियों की नीलामी भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा12 सिंतबर, 2025 को आयोजित की जाएगी।
पहली 6.01 प्रतिशत ब्याज दर वाली सरकारी प्रतिभूति 2030 है, जिससे 15,000 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। यह 21 जुलाई, 2030 को परिपक्व होगी। दूसरी 7.24 प्रतिशत ब्याज दर वाली सरकारी प्रतिभूति 2055 है, जिससे 13,000 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। यह 18 अगस्त, 2055 को परिपक्व होगी। वहीं निवेशकों की प्रतिक्रिया के आधार पर, इनमें से प्रत्येक प्रतिभूति पर 2,000 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त सदस्यता रखने का विकल्प भी खुला रखा है।
पाकिस्तान-चीन ने सात अरब डॉलर रेलवे प्रोजेक्ट और चार वर्षीय कार्य योजना पर सहमति जताई
पाकिस्तान और चीन ने 7 अरब डॉलर की रेलवे परियोजना के लिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय साझेदारों का एक कंसोर्टियम बनाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने 2025 से 2029 तक के लिए सीपेक (CPEC) पहल के दूसरे चरण को लागू करने के लिए चार वर्षीय कार्य योजना भी शुरू की है। हाल ही में पाकिस्तान और चीन ने विवादित चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) परियोजना के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत की है।
डॉन अखबार की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, योजना एवं विकास मंत्री अहसान इकबाल ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की हाल की चीन यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने 1,700 किलोमीटर लंबी कराची-पेशावर रेलवे लाइन के लिए एशियाई विकास बैंक (एडीबी), एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी), चीन और पाकिस्तान सहित वित्तपोषकों का एक संघ गठित करने पर सहमति व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि चीन ने न केवल रेल परियोजना के लिए बल्कि काराकोरम राजमार्ग के लिए भी वित्तपोषण का आश्वासन दिया है।
इकबाल ने कहा कि विभिन्न वित्तपोषकों के साथ बातचीत एक महीने के भीतर पूरी हो जाएगी।