फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Business News Adani group stocks LIC notional loss at Rs 50000 crore in 50 days

Adani Group Stocks: अदाणी के शेयरों में गिरावट जारी, एक महीने में 50 हजार करोड़ घटा एलआईसी का निवेश मूल्य

Fri, 24 Feb 2023 07:44 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: गुलाम अहमद Updated Fri, 24 Feb 2023 07:44 AM IST
सार

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से पहले 24 जनवरी, 2023 को एलआईसी के निवेश का मूल्य 81,268 करोड़ रुपये था। गुरुवार को यह घटकर 33,149 करोड़ रुपये हो गया। पढ़ें व्यापार जगत से जुड़ी कुछ प्रमुख खबरें... 
 

विज्ञापन
Business News Adani group stocks LIC notional loss at Rs 50000 crore in 50 days
एलआईसी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का सिलसिला एक महीने से जारी है। इस अवधि में समूह के शेयरों में एलआईसी का निवेश मूल्य 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा घट गया है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से पहले 24 जनवरी, 2023 को एलआईसी के निवेश का मूल्य 81,268 करोड़ रुपये था। गुरुवार को यह घटकर 33,149 करोड़ रुपये हो गया।

विज्ञापन


अदाणी समूह की सात कंपनियों के शेयरों में एलआईसी ने 30,127 करोड़ रुपये का निवेश किया था। यह बढ़कर 81 हजार करोड़ रुपये के पार चला गया था। लेकिन, अब यह 33,149 करोड़ है। इस गिरावट के बावजूद एलआईसी 3,000 करोड़ के मुनाफे में है। जिस तरह से शेयरों में गिरावट जारी है, ऐसे में आशंका है कि एलआईसी को निवेश पर घाटा हो सकता है।
विज्ञापन


आठ शेयरों में गिरावट, 20,000 करोड़ और घटी पूंजी
अदाणी समूह की 10 में से 8 कंपनियों के शेयरों में बृहस्पतिवार को गिरावट रही। इनमें तीन कंपनियों के शेयर लोअर सर्किट में रहे। हालांकि, दो कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही। शेयरों में गिरावट से समूह की कुल बाजार पूंजी 20 हजार करोड़ घटकर 7.38 लाख करोड़ रुपये रह गई। बुधवार को यह 7.58 लाख करोड़ रुपये थी। पिछले एक महीने में समूह की कंपनियों का पूंजीकरण 11.82 लाख करोड़ रुपये घट गया है। समूह के मालिक गौतम अदाणी अमीरों की सूची में खिसककर 26वें स्थान पर आ गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


सोना 305 रुपये सस्ता, चांदी की कीमत 805 रुपये घटी
दिल्ली सराफा बाजार में सोना बृहस्पतिवार को 305 रुपये सस्ता होकर 56,035 रुपये प्रति 10  ग्राम पर बंद हुआ। वैश्विक बाजार में बहुमूल्य धातुओं में नरमी से घरेलू बाजार में दाम घटे हैं। चांदी भी 805 रुपये सस्ती होकर 65,095 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी ने कहा, कॉमेक्स पर सोने में नरमी रही। वैश्विक बाजार में सोना 1,827 डॉलर प्रति औंस रहा।

डॉलर के मुकाबले रुपये में 15 पैसे की मजबूती
डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को 15 पैसे मजबूत होकर 82.73 पर बंद हुआ। कच्चातेल मूल्य में गिरावट के बीच क्षेत्रीय मुद्राओं के अनुरूप रुपये में मजबूती आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.78 पर खुला। कारोबार के दौरान 82.71 से 82.79 के दायरे में रहा। 
 
निर्यात लक्ष्य पाने में परिधान क्षेत्र की बड़ी भूमिका
श्रम प्रधान परिधान क्षेत्र 2030 तक देश के व्यापारिक निर्यात को एक हजार अरब डॉलर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। परिधान निर्यात संवर्धन परिषद ने गुरुवार को कहा, बजट में दिए गए प्रोत्साहन के जरिये उद्योग को बाजार और उत्पादन विविधीकरण पर ध्यान देने में मदद मिलेगी।

वैश्विक स्तर पर भारत में बढ़ेगा सबसे ज्यादा वेतन
दुनियाभर में जारी छंटनी के बीच देश में इस साल औसतन 10.3 फीसदी की वेतन वृद्धि हो सकती है। वेतन में यह वृद्धि प्रमुख  बड़ी अर्थव्यवस्थाओं और एशियाई देशों के मुकाबले सबसे ज्यादा होगी। हालांकि, 2022 में देश में कर्मचारियों का औसत वेतन  10.6 फीसदी बढ़ा था। एऑन पीएलसी की रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद नौकरी छोड़ने की दर अधिक होने की वजह से वेतन में दहाई अंकों में वृद्धि जारी रहेगी। भारत में 2022 में नौकरी छोड़ने की दर 21.4 फीसदी रही, जो काफी ज्यादा है। कर्मचारियों को रोकने के लिए ही कंपनियां वेतन वृद्धि पर जोर दे रही हैं। ब्राजील में इस साल औसत वेतन वृद्धि 7.2 फीसदी हो सकती है। इंडोनेशिया में 6.7 फीसदी, चीन में 6.3 फीसदी, फिलीपीन में 5.9 फीसदी, मलयेशिया में 5.2 फीसदी व सिंगापुर में 4.8 फीसदी बढ़त की उम्मीद है।  

फ्लिपकार्ट 4,500 कर्मचारियों का नहीं बढ़ाएगी वेतन
ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने कहा कि वह शीर्ष 30 फीसदी कर्मचारियों के वेतन में इस बार कोई वृद्धि नहीं करेगी। कंपनी के इस निर्णय से करीब 4,500 कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है। कर्मचारियों को एक ई-मेल के जरिये इसकी जानकारी दी गई। फ्लिपकार्ट ने कहा, ग्रेड 10 और उससे ऊपर के वरिष्ठ कर्मचारियों के वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। इस ग्रेड में मैनेजर और उपाध्यक्ष आदि शामिल होते हैं। हालांकि, कर्मचारियों के लिए योजना के अनुसार बोनस का भुगतान जारी रखा जाएगा। वेतन वृद्धि एक अप्रैल, 2023 से शुरू होने की उम्मीद है।

ओएनजीसी दो अरब डॉलर का करेगी निवेश
देश की शीर्ष तेल एवं गैस उत्पादक कंपनी ओएनजीसी अरब सागर में अपने मुख्य गैस क्षेत्र में 103 कुओं की खुदाई के लिए 2 अरब डॉलर का निवेश करेगी। कंपनी के निदेशक (तटीय) पंकज कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया, इससे कुल उत्पादन करीब 10 करोड़ टन बढ़ सकता है। ओएनजीसी के पश्चिमी तट पर तीन मुख्य संपत्तियां हैं। भारत अपनी जरूरतों का 85 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है।

कैपिटल वर्थ पर तीन साल का प्रतिबंध
नई दिल्ली। पूंजी बाजार नियामक सेबी ने कैपिटल वर्थ रिसर्च एवं इसके भागीदारों पर निवेश सलाहकार सेवा देने पर तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही, नियामक ने 1.54 करोड़ रुपये को तीन महीने में लौटाने का आदेश दिया है। बृहस्पतिवार को जारी आदेश कैपिटल वर्थ के भागीदारों अंकित श्रीवास्तव, अमीर शेख, शाहिद रंगरेज और समीर मेमन पर भी लागू होगा।


1.6 लाख से अधिक लोगों ने डिजीयात्रा का उपयोग किया
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि डिजीयात्रा प्रक्रिया का उपयोग करनेवाले हवाई यात्रियों की संख्या 1.6 लाख को पार कर गई है। पहले चरण में एक दिसंबर, 2022 को डिजीयात्रा सुविधा को दिल्ली, बंगलूरू और वाराणसी हवाईअड्डे पर लांच किया गया था। इसे मार्च 2023 तक कोलकाता, पुणे, विजयवाड़ा और हैदराबाद हवाईअड्डों पर शुरू किया जाएगा। बता दें कि डिजीयात्रा एक बायोमेट्रिक बोर्डिंग प्रणाली है जो हवाईअड्डों पर यात्रियों को सहज और परेशानीमुक्त अनुभव प्रदान करने के लिए चेहरे की पहचान तकनीक का उपयोग करती है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed