बोझ : टैक्स में बढ़ोतरी से महंगा हो सकता है सौर ऊर्जा टैरिफ, पढ़ें कारोबार जगत की चार खबरें
जीएसटी परिषद की पिछले महीने हुई बैठक में मॉड्यूल, सेल्स और इनवर्टर पर जीएसटी की दर को 5% से बढ़ाकर 12% करने का फैसला हुआ था।
विस्तार
देश में सौर ऊर्जा टैरिफ अगले वित्त वर्ष में बढ़कर 2.6-2.7 रुपये प्रति यूनिट तक पहुंच सकता है। क्रिसिल रेटिंग्स ने बताया कि महत्वपूर्ण घटकों पर टैक्स में हालिया बढ़ोतरी और मॉड्यूल पर प्रस्तावित सीमा शुल्क के बाद सौर ऊर्जा टैरिफ 2 रुपये प्रति यूनिट के सर्वकालिक निम्न स्तर से बढ़कर इस स्तर पर पहुंच सकता है।
जीएसटी परिषद की पिछले महीने हुई बैठक में मॉड्यूल, सेल्स और इनवर्टर पर जीएसटी की दर को 5% से बढ़ाकर 12% करने का फैसला हुआ था। क्रिसिल रेटिंग्स ने बताया कि इस फैसले से सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर कुल टैक्स 8-9% से बढ़कर 13% हो गया है। इसके अलावा, आयातित सौर मॉड्यूल पर अप्रैल, 2022 से 40 फीसदी सीमा शुल्क लगने से यह दोगुने से ज्यादा बढ़कर करीब 30 फीसदी हो जाएगा।
ईएसआईसी से 13.2 लाख नए सदस्य जुड़े
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की सामाजिक सुरक्षा योजना से इस साल अगस्त में 13.22 लाख नए सदस्य जुड़े। इससे पिछले महीने जुलाई में इस योजना से 13.33 लाख सदस्य जुड़े थे। सोमवार को जारी आंकड़ों में जानकारी दी गई, जो देश के संगठित क्षेत्र में रोजगार की स्थिति दर्शाता है।
एचडीएफसी एर्गो में 4.99 फीसदी अधिग्रहण को मंजूरी
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने एचडीएफसी बैंक के एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी में 4.99 फीसदी इक्विटी शेयर पूंजी अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। इन शेयरों का अधिग्रहण समूह की मूल कंपनी एचडीएफसी) से किया जाएगा।
5जी परीक्षण अवधि 6 महीने बढ़ाने की मांग
रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया सहित विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं ने दूरसंचार विभाग से 5जी परीक्षण अवधि 6 महीने बढ़ाने को कहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। वर्तमान परीक्षण अवधि नवंबर, 2021 में समाप्त हो रही है।