Biz Updates: ईरान की मुद्रा डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर, को-वर्किंग स्पेस की मांग में कमी का दावा
- ईरान की मुद्रा रियाल शनिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर
- को-वर्किंग ऑपरेटर्स की ओर से कार्यालय की जगह किराये पर देने की दर सालाना आधार पर 43% कम
विस्तार
ईरान की मुद्रा रियाल शनिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर कारोबार कर करती दिखी। इस बीच, देश लंबी छुट्टी के बाद काम पर लौटा।
फारसी नववर्ष, नौरोज के दौरान मुद्रा बाजार बंद होने और सड़कों पर केवल अनौपचारिक व्यापार होने के कारण रियाल डॉलर के मुकाबले 1 मिलियन रियाल से अधिक गिर गया था। इससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना। शनिवार को जब व्यापारियों ने काम फिर से शुरू किया, तो रियाल की दर में और गिरावट आई और यह 1,043,000 प्रति डॉलर के भाव पर पहुंच गया। इससे संकेत मिलता है कि नया निचला स्तर यहीं बना रहेगा।
ईरान की राजधानी तेहरान के फिरदौसी स्ट्रीट पर, जो देश के मुद्रा विनिमय का केंद्र है, कुछ व्यापारियों ने तो वर्तमान दर दर्शाने वाले अपने इलेक्ट्रॉनिक संकेत भी बंद कर दिए। मुद्रा कारोबारियों के बीच इस बात पर अनिश्चितता बनी हुई थी कि रियाल में और कितनी गिरावट आ सकती है।
जनवरी से मार्च के बीच को वर्किंग ऑपरेटर्स के कारोबार में 43% की कमी: सीबीआरई
सीबीआरई के अनुसार, इस साल जनवरी से मार्च तिमाही में नौ प्रमुख शहरों में को-वर्किंग ऑपरेटर्स की ओर से कार्यालय की जगह किराये पर देने की दर सालाना आधार पर 43% घटकर 21.6 लाख वर्ग फुट रह गई।
को वर्किंग ऑपरेटर्स ने पिछले साल इसी अवधि में 37.6 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान किराये पर दिया था। रियल एस्टेट परामर्शदाता सीबीआरई के आंकड़ों के अनुसार दफ्तरों को लीज पर देने के कुल कारोबार में को-वर्किंग ऑपरेटर्स की हिस्सेदारी मार्च तिमाही में घटकर 12 प्रतिशत रह गई, जो एक वर्ष पूर्व इसी तिमाही में 22 प्रतिशत थी।
टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने टैरिफ में बदलाव के चलते ब्रिटेन स्थित अपने संयंत्रों से अमेरिका भेजे जाने वाले वाहनों की शिपमेंट फिलहाल रोक दी है। जेएलआर के प्रवक्ता ने कहा, अमेरिका जेएलआर के लक्जरी ब्रांडों के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है। चूंकि हम अपने व्यापारिक सहयोगियों के साथ नई व्यापारिक शर्तों पर काम कर रहे हैं, इसलिए हम अपनी शिपमेंट को फिलहाल रोक रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि हमारी प्राथमिकताएं दुनिया भर में अपने ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करना और नए अमेरिकी टैरिफ शर्तों को ध्यान में रखना है। बता दें कि जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) अमेरिकी बाजार में मजबूती से स्थापित है। वित्त वर्ष 2024 में जेएलआर की 4 लाख से ज्यादा कारें अमेरिका में बिकी थी। ये सभी कारें उसके ब्रिटेन स्थित प्लांट से निर्यात की गईं थीं। ट्रंप प्रशासन के आयातित कारों पर लगाया गया 25 प्रतिशत टैरिफ 3 अप्रैल से लागू हो गया। टाटा मोटर्स ने 2008 में फोर्ड से जेएलआर को खरीदा था।
