Biz Updates: बैंक प्रबंधक समेत तीन से झांसा देकर ₹84 लाख ठगे, टाटा संस ने रॉयल्टी शुल्क बढ़ाकर ₹200 करोड़ किया
Biz Updates: मार्च और अप्रैल के बीच दो आरोपियों ने वसई निवासी बैंक प्रबंधक और उसके दो करीबियों से आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक पेशकश) और शेयर खरीदने के लिए फुसलाकर 84.63 लाख रुपये की ठगी की। उधर, टाटा संस ने अपना रॉयल्टी शुल्क बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये कर दिया है।
विस्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने एक निजी बैंक प्रबंधक और दो अन्य को निवेश पर मोटे मुनाफा का झांसा देकर कथित तौर पर 84 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मार्च और अप्रैल के बीच दो आरोपियों ने वसई निवासी बैंक प्रबंधक को आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक पेशकश) और शेयर खरीदने के लिए फुसलाया। बाद में उनके भाई और दोस्त भी इसमें शामिल हो गए। अधिकारी ने कहा कि तीनों शिकायतकर्ताओं ने कुल 84.63 लाख रुपये का निवेश किया।
हालांकि, जब तीनों ने अपने निवेश पर रिटर्न मांगा, तो आरोपियों ने उनसे संपर्क करना बंद कर दिया। यह महसूस होने पर कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, तीनों ने पुलिस से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि मानिकपुर पुलिस ने बुधवार को धोखाधड़ी के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मुंबई: टाटा संस ने अपना रॉयल्टी शुल्क बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये किया
टाटा ब्रांड का स्वामित्व रखने वाले टाटा संस ने अपना रॉयल्टी शुल्क दोगुना कर 200 करोड़ रुपये कर दिया है। इस रॉयल्टी शुल्क का भुगतान टीसीएस, टाटा स्टील और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियां टाटा ब्रांड नाम का उपयोग करने के लिए करती हैं। टाटा संस ने रॉयल्टी शुल्क 100 करोड़ रुपये तय करने के पांच साल बाद अब इसे दोगुना कर दिया है।
टाटा समूह की कंपनी टीसीएस ने शेयरधारकों को जानकारी दी है कि उसने वित्त वर्ष 2024 में टाटा संस को 200 करोड़ रुपये का रॉयल्टी भुगतान किया है। टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा ने 1996 में ब्रांड सदस्यता योजना शुरू की थी, जिसके तहत सीधे टाटा नाम का उपयोग करने वाली समूह की कंपनियों को अपने वार्षिक राजस्व का 0.25% या अपने कर-पूर्व लाभ का 5%, जो भी कम हो, रॉयल्टी शुल्क के रूप में देना होता है। जबकि अप्रत्यक्ष रूप से टाटा ब्रांड नाम का उपयोग करने वाली समूह की इकाइयों को अपने वार्षिक राजस्व का 0.15% का भुगतान करना पड़ता है।
सरकार के आंकड़ों के अनुसार मार्च में औद्योगिक उत्पादन 4.9% बढ़ गया है। पिछले साल मार्च में आद्योगिक उत्पादन 1.9 प्रतिशत बढ़ा था।
साइबर अपराधों और वित्तीय धोखाधड़ी में दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए दूरसंचार विभाग, गृह मंत्रालय और राज्य पुलिस मिलकर काम करेंगे। दूरसंचार विभाग ने साइबर अपराधों में कथित संलिप्तता में 28,200 मोबाइल फोन ब्लॉक करने और 20 लाख मोबाइल कनेक्शनों का फिर से सत्यापन करने का दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को निर्देश दिया है।
स्टार जोड़ी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अगले सप्ताह बेंगलुरु स्थित नए युग के इंश्योरेंस स्टार्टअप गो डिजिट की लिस्टिंग के साथ 263% की शानदार मल्टीबैगर रिटर्न हासिल करने के करीब हैं। 272 रुपये के ऊपरी मूल्य बैंड को ध्यान में रखें तो उनके 2.5 करोड़ रुपये के कुल निवेश का मूल्य 9.06 करोड़ रुपये हो जाएगा। इस तरह उन्हें कुल 6.56 करोड़ रुपये का अनुमानित लाभ होगा। जनवरी 2020 में, क्रिकेटर 'किंग' कोहली ने एक निजी प्लेसमेंट के माध्यम से 75 रुपये प्रति यूनिट मूल्य पर 266,667 शेयर खरीदे थे। उनका कुल निवेश करीब 2 करोड़ रुपये का था।