Air India: एयर इंडिया का खास ऑफर, इन ग्राहकों को मिलेगा 50 फीसदी डिस्काउंट
कोरोना काल में अधिकतर लोग हवाई यात्रा को तवज्जो दे रहे हैं। लेकिन कुछ लोगों के लिए हवाई यात्रा करना बेहद महंगा हो जाता है। इस बीच एयर इंडिया ने किराए के मामले में बुजुर्ग लोगों को बड़ी राहत दी है। कंपनी 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टिकट पर 50 फीसदी तक का डिस्काउंट ऑफर कर रहा है। इसका टिकट आप यात्रा की तारीख से कम से कम सात दिन पहले ले सकते हैं। देश में कही पर भी यात्रा करने पर ये डिस्काउंट मिलेगा।
आइए जानते हैं वरिष्ठ नागरिकों को प्राप्त छूट के बारे में-
- पात्रता - भारतीय नागरिकता प्राप्त, भारत में स्थायी रूप से रहने वाले वरिष्ठ नागरिक जो यात्रा की तिथि को 60 वर्ष के हो चुके हों।
- अपेक्षित दस्तावेज - कोई भी मान्य फोटो पहचान पत्र, जिसमें जन्म तिथि का उल्लेख हो जैसे कि मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, एयर इंडिया द्वारा जारी वरिष्ठ नागरिक पहचान-पत्र आदि।
- छूट - इकोनॉमी कैबिन में चुनी हुई बुकिंग श्रेणी के मूल किराए का 50 फीसदी।
- यात्रा - भारत में किसी भी सेक्टर की यात्रा के लिए।
- टिकट वैधता - जारी करने की तिथि से एक वर्ष।
- अग्रिम खरीद - टिकट प्रस्थान से सात दिन पूर्व खरीदा जाए।
- बच्चे - कोई अतिरिक्त छूट लागू नहीं।
- शिशु - (2 वर्ष से कम आयु) यात्री के साथ जा रहा पहला शिशु-1000 रुपये प्रति कूपन और लागू कर। दूसरे या उससे अधिक शिशुओं के लिए कोई छूट लागू नहीं।
- तिथि/उड़ान परिवर्तन, रद्दकरण एवं धनवापसी - अनुमति है-शुल्क लागू।
इन बातों का रखें ध्यान
ध्यान रहे कि यदि चेक-इन के समय अथवा बोर्डिंग गेट पर उपयुक्त पहचान-पत्र/दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो मूल किराया जब्त कर लिया जाएगा तथा टिकट पर धनवापसी नहीं की जाएगी (केवल कर तथा शुल्क की धनवापसी की जाएगी)। चेक-इन के समय तथा बोर्डिंग गेट पर पहचान-पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर बोर्डिंग नहीं करने दी जाएगी। यह छूट एयर इंडिया द्वारा प्रचालित उड़ानों तथा एलाइंस एयर कोडशेयर उड़ानों पर लागू है। यह छूट क्षेत्रीय संपर्क एलाइंस एयर कोडशेयर उड़ानों तथा एअर इंडिया एक्सप्रेस कोडशेयर घरेलू उड़ानों पर लागू नहीं है।
एयर इंडिया पर 60,074 करोड़ रुपये का कर्ज
मालूम हो कि एयर इंडिया देश की एकमात्र सरकारी एयरलाइंस कंपनी है, जो भारी कर्ज के बोझ तले जूझ रही है। दीपम द्वारा एयर इंडिया के लिए रुचि जाहिर करने वाले दस्तावेज में 31 मार्च 2019 को एयर इंडिया पर कुल कर्ज 60,074 करोड़ रुपये बताया गया है। इसकी भरपाई के लिए इसे बेचा जा रहा है। सरकार ने इस साल जनवरी में एयर इंडिया के विनिवेश की प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू किया था। हाल ही में सरकार ने इस राष्ट्रीय विमानन कंपनी में अपनी 100 फीसदी हिस्सेदारी बेचने के लिए बोलियां आमंत्रित की थीं।