बाजार का हाल: इस सप्ताह स्टॉक मार्केट में आई तीन फीसदी की तेजी, इन कंपनियों के शेयरों में आया उछाल
एक अप्रैल 2022 को समाप्त हुआ सप्ताह भारतीय शेयर बाजार के लिए शानदार रहा। सेंसेक्स और निफ्टी करीब तीन फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुए। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने बाजार को समर्थन दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक अप्रैल 2022 को खत्म हुए सप्ताह शेयर बाजार के लिए शानदार रहा। सेंसेक्स और निफ्टी करीब तीन फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुए। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने बाजार को समर्थन दिया। इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने जमकर खरीदारी की, जिसका असर बाजार में तेजी के रूप में देखने को मिला। इस अवधि में बीएसई टेलिकॉम इंडेक्स में छह फीसदी, तो रियल्टी इंडेक्स 5.6 फीसदी की बढ़त में रहे। हालांकि, बीएसई मेटल इंडेक्स में करीब दो फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
सेंसेक्स में 1914 अंक की उछाल
गौरतलब है कि शुक्रवार को समाप्त हुए सप्ताह में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 1914.49 अंक यानी 3.33 फीसदी की बढ़त के साथ 59,277 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 517.45 अंक यानी 3.01 फीसदी की मजबूती के साथ 17,670 के स्तर पर बंद हुआ। इस सप्ताह भी बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में तेजी आई। ये 3.2 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। स्मॉलकैप इंडेक्स के करीब 100 शेयर 10 से 25 फीसदी की उछाल भरते दिखाई दिए। इसके साथ ही बीएसई लॉर्ज कैप इंडेक्स की बात करें तो इसमें भी तीन फीसदी की तेजी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बढ़त वालों में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, गेल इंडिया, अडानी टोटल गैस, अडानी इंटरप्राइजेज, इंडस टॉवर जैसे नाम शामिल रहे। स्माल और लार्ज कैप के साथ मिडकैप इंडेक्स 2.7 फीसदी चढ़ा।
एचडीएफसी मार्केट का पूंजीकरण बढ़ा
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से भी एक अप्रैल को समाप्त हुआ सप्ताह राहत भरा रहा। इस दौरान एचडीएफसी बैंक के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली। इसके अलावा जिन कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बढ़ा, उनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एयरटेल शामिल हैं। इस बीच फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स या विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भारतीय बाजारों में 5,590 करोड़ रुपये की खरीदारी की। डीआईआई ने भी 5,052 करोड़ रुपये की खरीदारी की। डॉलर के मुकाबले रुपये में पिछले हफ्ते बढ़ोतरी देखने को मिली।