{"_id":"605db5e2656b4357fc0c7103","slug":"silver-gold-price-today-on-26-march-2021-know-how-much-prices-changed-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"सोना-चांदी: सस्ती हुई पीली धातु, लेकिन चांदी की कीमत में इजाफा","category":{"title":"Bazar","title_hn":"बाज़ार","slug":"bazaar"}}
सोना-चांदी: सस्ती हुई पीली धातु, लेकिन चांदी की कीमत में इजाफा
Fri, 26 Mar 2021 04:30 PM IST
डिंपल अलावाधी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: डिंपल अलावाधी
Updated Fri, 26 Mar 2021 04:30 PM IST
सार
- शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में गिरावट आई।
- राष्ट्रीय राजधानी में आज सोना 147 रुपये गिरकर 44,081 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,726 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
विज्ञापन
चांदी-सोना की कीमत
- फोटो : pixabay
विस्तार
शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में गिरावट आई, लेकिन चांदी की कीमत में तेजी दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में आज सोना 147 रुपये गिरकर 44,081 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोना पिछले कारोबार में 44,228 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। डॉलर के मुकाबले रुपये में आई तेजी से घरेलू बाजार में सोना प्रभावित हुआ।
विज्ञापन
1,036 रुपये महंगी हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो यह 1,036 रुपये बढ़कर 64,276 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी दिवस में चांदी 63,240 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,726 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी की कीमत 24.14 डॉलर प्रति औंस रही।
विज्ञापन
तीन वर्षों में 9000 किलोग्राम डिजिटल सोने की बिक्री
देश में पिछले तीन साल में 8,000 से 9,000 किलोग्राम डिजिटल गोल्ड की खरीद-बिक्री हुई है। इसमें अब तक सात-आठ करोड़ लोग निवेश कर चुके हैं। इस कारोबार से जुड़े जानकारों का कहना है कि मध्य वर्ग परिवारों में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव और घर में रखने पर चोरी को लेकर हमेशा डर बना रहता है। वहीं, डिजिटल गोल्ड की खरीद में ऐसी कोई समस्या नहीं हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में जब तकनीक और निवेश के लिए नए रास्ते तलाशे जा रहे हैं तो इसमें डिजिटल गोल्ड की भी मजबूत जगह बनती जा रही है।
विज्ञापन
क्या है डिजिटल गोल्ड?
हालांकि, विदेश में इसका चलन पहले से है, लेकिन भारत में तीन वर्षों से इसमें वृद्धि देखी जा रही है। डिजिटल गोल्ड का मतलब है कि जब कोई व्यक्ति ऑनलाइन सोना खरीदता है तो सराफा कंपनियां उस कीमत का सोना अपने लॉकर में रख देती हैं। इसके बदले ग्राहक को एक रसीद मिलती है। जैसे-जैसे आप इसमें निवेश करते जाते हैं, आपके लॉकर में सोना बढ़ता जाता है। जरूरत पड़ने पर इसे ऑनलाइन बेच भी सकते हैं।
सोने का सबसे बड़ा आयातक देश है भारत
भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का आयातक देश है। मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है। मात्रा के हिसाब से भारत सालाना 800 से 900 टन सोने का आयात करता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।