RBI की घोषणाओं के बाद शेयर बाजार में जोरदार तेजी, 445 अंक उछला सेंसेक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक आज समाप्त हो गई। दास ने छह सदस्यों वाली समिति द्वारा लिए गए फैसलों की घोषणा की। इसके बाद शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई। दोपहर 12.52 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 445.39 अंक यानी 1.18 फीसदी ऊपर 38108.72 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.12 फीसदी यानी 124.85 अंकों की बढ़त के साथ 11226.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 170.09 अंक यानी 0.45 फीसदी ऊपर 37833.42 के स्तर पर और निफ्टी 0.51 फीसदी यानी 56.40 अंकों की बढ़त के साथ 11158.05 के स्तर पर खुला था।
RBI ने किए एलान
आज आरबीआई ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। यह चार फीसदी पर बरकरार है। एमपीसी ने सर्वसम्मति से ये फैसला लिया है। यानी ग्राहकों को ईएमआई या लोन की ब्याज दरों पर नई राहत नहीं मिली है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि रिवर्स रेपो रेट को भी 3.35 फीसदी पर स्थिर रखा गया है। इस साल जून में वार्षिक महंगाई दर मार्च के 5.84 फीसदी के मुकाबले बढ़कर 6.09 फीसदी रह गई, जो केंद्रीय बैंक के मीडियम टर्म टारगेट से अधिक है। आरबीआई का टारगेट दो से छह फीसदी है। दास ने सिस्टम में अलावा 10,000 करोड़ रुपये डालने की घोषणा की। ये लिक्विडिटी नाबार्ड (NABARD) और नेशनल हाउसिंग बैंक (NHB) को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे एनबीएफसी और रियल एस्टेट क्षेत्र को मौजूदा संकट से निकलने में मदद मिलेगी।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज रिलायंस, एचडीएफसी, हिंडाल्को, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, ओएनजीसी, विप्रो, एशियन पेंट्स, हीरो मोटोकॉर्प और सन फार्मा की शुरुआत बढ़त पर हुई। वहीं मारुति, श्री सीमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाइटन, पावर ग्रिड, यूपीएल, एल एंड टी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें आईटी, रियल्टी, फार्मा, ऑटो, मेटल, फाइनेंस सर्विसेज, बैंक, प्राइवेट बैंक, मीडिया, एफएमसीजी और पीएसयू बैंक शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान शेयर मार्केट बढ़त पर था। सुबह 9.10 बजे सेंसेक्स 283.47 अंक यानी 0.75 फीसदी की बढ़त के बाद 37946.80 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 84.05 अंक यानी 0.76 फीसदी ऊपर 11185.70 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन सपाट स्तर पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार सपाट स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.07 फीसदी की गिरावट के साथ 24.58 अंक नीचे 37663.33 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 0.22 फीसदी ऊपर 24.85 अंकों की तेजी के साथ 11120.10 के स्तर पर बंद हुआ था।
बुधवार को हरे निशान पर खुला था बाजार
बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई। सेंसेक्स 285.60 अंक यानी 0.76 फीसदी ऊपर 37973.51 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 0.74 फीसदी यानी 81.70 अंकों की बढ़त के साथ 11177 के स्तर पर खुला था।