शेयर बाजार: सेंसेक्स ने लगाया 806 अंक का गोता, निफ्टी भी लुढ़का
- दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार जोरदार गिरावट पर बंद हुआ।
- सेंसेक्स 806.89 अंकों की गिरावट के बाद 40,363.23 के स्तर पर बंद हुआ।
- निफ्टी 242.25 अंकों की गिरावट के बाद 11,838.60 के स्तर पर बंद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट आई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 806.89 अंक यानी 1.96 फीसदी की गिरावट के बाद 40,363.23 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 242.25 अंक यानी 2.01 फीसदी की गिरावट के बाद 11,838.60 के स्तर पर बंद हुआ है।
इसलिए आई गिरावट
दूसरे एशियाई बाजारों में आ रही गिरावट के चलते शेयर बाजार में यह गिरावट देखने को मिली है। चीन में फैले कोरोनावायरस के बाहर साउथ कोरिया, इटली और मध्य एशिया में फैलने और वहां वायरस से संक्रमित लोगों और कोरोना से मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी से वैश्विक ग्रोथ पर संकट देखा जा रहा है। सोमवार को चीन में वायरस से मरने वालों की संख्या 2,592 पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी कहा था कि सुस्ती से जूझ रही वैश्विक अर्थव्यवस्था में रिकवरी कोरोनावायरस के असर की वजह से मुश्किल हो सकती है। घरेलू बाजार में निवेशकों की नजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच होने वाले व्यापारिक करारों पर भी रही।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज जेएसडब्ल्यू स्टील, वेदांता लिमिटेड, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, ओएनजीसी, इंफ्राटेल, मारुति और ग्रासिम के शेयरों में काफी गिरावट देखने को मिली।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, मीडिया, एफएमसीजी, फार्मा, रियल्टी, मेटल, प्राइवेट बैंक, ऑटो और पीएसयू बैंक शामिल हैं।
40,776.55 के स्तर पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 393.57 अंक यानी 0.96 फीसदी की गिरावट के बाद 40,776.55 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 91.75 अंक यानी 0.76 फीसदी की गिरावट के बाद 11,989.10 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 2:51 बजे सेंसेक्स 689.26 अंक यानी 1.67 फीसदी की गिरावट के बाद 40,480.86 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 214.10 अंक यानी 1.77 फीसदी की गिरावट के बाद 11,866 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
गुरुवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 152.88 अंक यानी 0.37 फीसदी की गिरावट के बाद 41,170.12 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 45.05 अंक यानी 0.37 फीसदी की गिरावट के बाद 12,080.85 के स्तर पर बंद हुआ था। शुक्रवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर बाजार बंद था।