The Bonus Market Update: हरे निशान पर बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार, सेंसेक्स 328 अंक चढ़ा, निफ्टी 25200 के पार
Sensex-Nifty Closing Bell: हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 328.72 अंक उछलकर 82,500.82 अंक पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 103.55 अंक की बढ़त के साथ 25,285.35 पर बंद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय बाजार शुक्रवार को हरे निशान पर बंद हुआ। फार्मास्युटिकल और बैंकिंग शेयरों में मजबूत तेजी तथा विदेशी पूंजी प्रवाह के चलते शुक्रवार को सेंसेक्स करीब 329 अंक चढ़ गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 328.72 अंक या 0.40 प्रतिशत उछलकर 82,500.82 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 482.01 अंक या 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,654.11 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 103.55 अंक या 0.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,285.35 पर आ गया। घरेलू बाजारों में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में व्यापक कमजोरी के कारण शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे बढ़कर 88.69 (अनंतिम) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि मजबूत घरेलू बाजार और कमोडिटी कीमतों में रात भर की गिरावट के कारण रुपये में तेजी आई।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, बीईएल, अडानी पोर्ट्स, इटरनल, सन फार्मास्यूटिकल्स, पावर ग्रिड, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक प्रमुख लाभ में रहे। दूसरी ओर, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, टाइटन, बजाज फिनसर्व, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस पिछड़ गए।
बैंकिंग और फार्मा शेयरों की तेजी से बाजार को सहारा मिला
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बैंकिंग और फार्मास्युटिकल शेयरों में मजबूत बढ़त के चलते भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। सरकार द्वारा भारतीय स्टेट बैंक का नेतृत्व करने के लिए निजी क्षेत्र के पेशेवरों को आमंत्रित करने के बाद निवेशकों की धारणा में सुधार हुआ।
नायर ने कहा कि अमेरिका द्वारा बायोसिक्योर एक्ट को पुनर्जीवित करने से फार्मा शेयरों में तेजी आई, जिसका उद्देश्य विदेशी कंपनियों, विशेष रूप से चीन की कंपनियों के साथ बायोटेक संबंधों को खत्म करना है, जिससे भारतीय सीडीएमओ को मजबूत बढ़ावा मिला।
यूरोपीय बाजारों में रहा मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में, हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक, टोक्यो का निक्केई 225 सूचकांक और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि सियोल का कोस्पी हरे निशान में बंद हुआ। यूरोप के शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार गुरुवार को अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से पीछे हटकर निचले स्तर पर बंद हुए।
ब्रेंट क्रूड का भाव गिरकर 64.81 डॉलर प्रति बैरल पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.63 प्रतिशत गिरकर 64.81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 1,308.16 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। गुरुवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 398.44 अंक चढ़कर 82,172.10 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 135.65 अंक चढ़कर 25,181.80 पर बंद हुआ।