सार्वजनिक क्षेत्र की आईटीआई लिमिटेड का खुला FPO, 28 जनवरी को होगा बंद
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आईटीआई) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 24 जनवरी 2020 को खुल गया है। यह एफपीओ 28 जनवरी को बंद होगा।
जारी होंगे इतने शेयर
एफपीओ के तहत 18 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कंपनी के 18 लाख शेयर कर्मचारियों के लिए आरक्षित रखे हैं। इस संदर्भ में कंपनी ने सोमवार को एक बयान में कहा था कि आईपीओ 24 जनवरी 2020 को खुलेगा और 28 जनवरी 2020 यानी मंगलवार को यह बंद होगा। इसके जरिए कंपनी की योजना 1,400 करोड़ रुपये जुटाने की है।
इसके लिए इस्तेमाल होगी राशि
निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग कार्यशील पूंजी जरूरतों, कंपनी द्वारा लिए गए कर्ज के भुगतान और कंपनी के अन्य कार्यों में किए जाएंगे। कंपनी की योजना है कि वह 607 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज की किस्तें चुकाने में करेगी।
1,400 करोड़ रुपये प्राप्त होने की उम्मीद
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी के एफपीओ से 1,400 करोड़ रुपये प्राप्त होने की उम्मीद है। इस एफपीओ से कंपनी को बाजार नियामक सेबी की न्यूनतम 25 फीसदी सार्वजनिक शेयरधारिता को बनाए रखने में मदद मिलेगी। एफपीओ के लिए कीमत दायरे की घोषणा बुधवार को की गई। इश्यू के लिए प्रति शेयर 72 - 77 रुपये का प्राइस बैंड रखा गया है।
773 करोड़ रुपये रहा आईपीओ का औसत आकार
वर्ष 2019 में सबसे बड़ा आईपीओ स्टर्लिंग एंड विलसन सोलर रहा, जिसके माध्यम से कंपनी ने 2,850 करोड़ रुपये जुटाए। वहीं आईपीओ का औसत आकार 773 करोड़ रुपये रहा। कुल 16 आईपीओ के बाजार में आने से पहले महज तीन कंपनियों में पीई/वीसी निवेश देखने को मिला, जो पिछले वर्षों में एक बड़ा बदलाव था। इन पीई/वीसी जैसे निवेशकों ने ओएफएस के द्वारा 803 करोड़ रुपये जुटाए गए, जो आईपीओ के माध्यम से जुटाई गई धनराशि का महज 6 फीसदी है। प्रवर्तकों ने ओएफएस के माध्यम से कुल 7,513 करोड़ रुपये जुटाए, जिसकी आईपीओ से मिली कुल रकम में 61 फीसदी हिस्सेदारी है। सात आईपीओ को बाजार से शानदार प्रतिक्रिया मिली, जो 10 गुने से ज्यादा भरे गए।
आईआरसीटीसी रहा सबसे सफल आईपीओ
आईआरसीटीसी सबसे सफल आईपीओ रहा, जो 109 गुना भरा गया। इसके बाद उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक 100 गुना, सीएसबी बैंक 48 गुना, पॉलिकैब 36 गुना, निओजेन केमिकल्स 29 गुना और इंडियामार्ट इंटरमेश 20 गुना भरा गया।