Gold Silver Price: फेड के सतर्क रुख और वैश्विक व्यापार में तनाव कम होने से सोना नरम, भाव 1000 रुपये फिसला
Gold Silver Price: फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की धीमी गति और अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता आगे बढ़ने के संकेत के बाद डॉलर में तेजी आई। इससे दिल्ली में सोना 1,000 रुपये गिरकर 1,23,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। आइए जानें सर्राफा बाजार का हाल।
विस्तार
फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की धीमी गति और अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता आगे बढ़ने के संकेत के बाद डॉलर में तेजी आई। इससे दिल्ली में सोना 1,000 रुपये गिरकर 1,23,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,000 रुपए टूटकर 1,22,800 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। बुधवार को इसका भाव 1,23,800 रुपए प्रति 10 ग्राम था। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना पिछले सत्र में 1,24,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इससे पहले फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की ब्याज दरों पर आक्रामक टिप्पणियों के बाद गुरुवार को सोने की कीमतों में नरमी दिखी।
ये भी पढ़ें: Anil Ambani: अनिल अंबानी समूह पर ₹41900 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप, कंपनी बोली- ये शेयरों का भाव गिराने की साजिश
फेड की ओर से ब्याज दरों में कटौती का सोने पर दिखा असर
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "अमेरिका के केंद्रीय बैंक ने उम्मीद के मुताबिक ब्याज दरों में एक चौथाई अंक की कटौती की है, लेकिन संकेत दिया है कि आगामी दिसंबर की बैठक में दरों में एक और कटौती की बाजार की उम्मीद जल्दबाजी साबित हो सकती है।" गांधी ने कहा कि इस घटनाक्रम से अमेरिकी बांड प्राप्ति और डॉलर में मजबूती आई है और सर्राफा बाजार पर दबाव पड़ा। विश्लेषकों का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की ओर से संभावित व्यापार समझौते पर की गई टिप्पणी के बाद वाशिंगटन और चीन के बीच तनाव कम हुआ है। सोने की सुरक्षित निवेश अपील कम हुई है और कीमतों पर दबाब पड़ा है।
ये भी पढ़ें: WGC: ऊंची कीमतों के कारण 2025 की तीसरी तिमाही में भारत में सोने की मांग 16 प्रतिशत घटी, निवेश में आई तेजी
चांदी की कीमतों में 3300 रुपये की गिरावट
गुरुवार को चांदी की कीमत 3,300 रुपये बढ़कर 1,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, बुधवार को यह सफेद धातु 1,51,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। वैश्विक बाजार में हाजिर सोना चार दिन की गिरावट के बाद 53.26 डॉलर या 1.36 प्रतिशत बढ़कर 3,983.87 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एंड करेंसी) जतीन त्रिवेदी ने कहा, "गुरुवार को सोने की कीमतों में मामूली बढ़त दर्ज की गई। यह रुझान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से परमाणु हथियारों के परीक्षण की अनुमति देने के संकेत के बाद आया है। अन्य देश भी परमाणु परीक्षणों पर जोर दे रहे हैं, जिससे जोखिम का स्तर बढ़ा हुआ है।" विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी 1.21 प्रतिशत बढ़कर 48.14 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत बढ़कर 99.34 पर पहुंच गया। इससे सोने पर दबाव पड़ा।
ये भी पढ़ें: US Fed: फेडरल रिजर्व ने फिर की ब्याज दरों में 0.25% की कटौती, कहा- अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुस्ती के संकेत