Gold Silver Price: सोने में तेजी जारी; 270 रुपये चढ़कर 86,070 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा, जानें भाव
Gold Silver Price: रुपये के सर्वकालिक निम्नतम स्तर पर पहुंचने और शेयर बाजारों में गिरावट के बीच राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोना 270 रुपये की तेजी के साथ 86,070 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। आइए जानें सर्राफा बाजार का विस्तृत हाल।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुपये के सर्वकालिक निम्नतम स्तर पर पहुंचने और शेयर बाजारों में गिरावट के बीच राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोना 270 रुपये की तेजी के साथ 86,070 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 270 रुपये की तेजी के साथ 85,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। मंगलवार को सोना 85,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। दिल्ली विधानसभा चुनाव के कारण बुधवार को सर्राफा बाजार बंद थे।
व्यापारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की सतत खरीदारी, कमजोर रुपया और शेयर बाजार में गिरावट ने पीली धातु की तेजी को बढ़ावा दिया। इस साल सुरक्षित निवेश की मांग और मजबूत वैश्विक रुझानों के कारण पीली धातु 6,680 रुपये प्रति 10 ग्राम या 8.41 प्रतिशत चढ़ चुकी है। हालांकि, चांदी की कीमत 96,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
वायदा कारोबार में कीमतों में नरमी
गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे गिरकर 87.57 (अनंतिम) के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। शुक्रवार को अपनी मौद्रिक नीति बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ने से रुपये पर दबाव बढ़ा। कमजोर रुपये की वजह से डॉलर की कीमत वाले सोने का आयात महंगा हो जाता है। हालांकि, वायदा कारोबार में कीमती धातु की कीमतों में गिरावट आई।
एमसीएक्स पर सोने का अप्रैल माह का अनुबंध 41 रुपए गिरकर 84,526 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो बुधवार के रिकॉर्ड स्तर से नीचे है। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट - कमोडिटी एवं करेंसी, जतीन त्रिवेदी ने कहा, "बाजार सहभागियों का ध्यान आगामी आरबीआई मौद्रिक नीति तथा शुक्रवार को जारी होने वाले अमेरिकी गैर-कृषि पेरोल और बेरोजगारी आंकड़ों पर केंद्रित है।"
रुपये की चाल और कॉमेक्स पर सोने के भाव से तय होगी बाजार की दिशा
त्रिवेदी ने कहा, "रुपये की चाल और कॉमेक्स सोने के रुझान सोने की अगली कीमत कार्रवाई को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।" मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी के लिए चांदी वायदा भाव 934 रुपये या 0.97 प्रतिशत घटकर 95,031 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
वैश्विक बाजारों में, अप्रैल डिलीवरी के लिए कॉमेक्स सोना वायदा 12 डॉलर प्रति औंस या 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,881 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। बुधवार को कॉमेक्स वायदा 2,906 डॉलर प्रति औंस के एक और उच्च स्तर पर पहुंच गया।