विमानन उद्योग को सरकार ने दी राहत, हवाई ईंधन के दाम में बड़ी कटौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अर्थव्यवस्था में सुस्ती और कोरोनावायरस की मार झेल रहे घरेलू विमानन उद्योग को सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने हवाई ईंधन के दाम में सोमवार को 10 फीसदी की बड़ी कटौती की। यह राहत वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए दी गई है।
इतना सस्ता हुआ एविएशन टरबाइन फ्यूल
सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने सोमवार को बताया कि एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में 6,590.62 रुपये प्रति किलोलीटर की कटौती की गई है। दिल्ली में एटीएफ 56,859 रुपये प्रति किलोलीटर के भाव पहुंच गया है। एटीएफ कीमतों में यह लगातार दूसरे महीने कटौती है। इससे पहले 1 फरवरी को एटीएफ के दाम 874.13 रुपये किलोलीटर कम हुए थे।
गैर सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर के भाव में भी गिरावट
सरकार ने गैर सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर के भाव में 53 रुपये की कटौती की है। अब 14.2 किलोग्राम वाले एक सिलिंडर का दाम 805.50 रुपये पहुंच गया है। 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडर के दाम भी 1,466 रुपये से घटकर 1,381.50 रुपये के भाव पर आ गए हैं। सरकार ने प्रति सिलिंडर सब्सिडी को भी 50 रुपये घटा दिया है। पिछले महीने ही इसे बढ़ाकर 240 रुपये किया था।
सरकार देती है गैस सिलिंडर पर सब्सिडी
मौजूदा समय में सरकार एक वर्ष में प्रत्येक घर के लिए 14.2 किलोग्राम के 12 सिलिंडरों पर सब्सिडी प्रदान करती है। अगर ग्राहक इससे ज्यादा सिलिंडर लेना चाहते है, तो वे उन्हें बाजार मूल्य पर खरीदते हैं। गैस सिलिंडर की कीमत हर महीने बदलती है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं।