{"_id":"6ac74f5787820b87b90b12c0","slug":"priyanka-chopra-shares-english-with-dehati-madam-yashoda-lodhi-video-2026-10-08","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"वीडियो बनाने पर पति ने डांटा, नहीं मानी पत्नी; बोली ऐसी फर्राटेदार इंग्लिश कि प्रियंका चोपड़ा भी हुईं फैन","category":{"title":"Bizarre News","title_hn":"हटके खबर","slug":"bizarre-news"}}
वीडियो बनाने पर पति ने डांटा, नहीं मानी पत्नी; बोली ऐसी फर्राटेदार इंग्लिश कि प्रियंका चोपड़ा भी हुईं फैन
Thu, 08 Oct 2026 03:04 PM IST
दीक्षा पाठक
फीचर डेस्क, अमर उजाला
फीचर डेस्क, अमर उजाला
Published by: दीक्षा पाठक
Updated Thu, 08 Oct 2026 03:04 PM IST
सार
Viral Video: उत्तर प्रदेश के कौशांबी की यशोदा लोधी, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘इंग्लिश विद देहाती मैडम’ के नाम से जाना जाता है, का वीडियो प्रियंका चोपड़ा जोनास ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। यशोदा ने बताया कि खेत में वीडियो बनाते समय उनके पति ने उन्हें डांटा था, लेकिन उन्होंने फिर भी वीडियो बनाया। यशोदा ने खुद अंग्रेजी सीखी है और अब सोशल मीडिया पर लोगों को अंग्रेजी सिखाती हैं।
विज्ञापन
पति ने डांटा, फिर भी बनाया वीडियो
- फोटो : इंस्टाग्रामyashoda5944
विस्तार
कभी खेत में काम करते हुए अंग्रेजी सिखाना, कभी गांव के माहौल में खड़े होकर लोगों को नए शब्द समझाना। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले की यशोदा लोधी का यही अंदाज उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाता है। सोशल मीडिया पर इंग्लिश विद देहाती मैडम के नाम से मशहूर यशोदा का एक वीडियो अब चर्चा में है। इसकी खास वजह बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा जोनास हैं। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
विज्ञापन
पति ने डांटा फिर भी बनाया वीडियो
कौशांबी के लोधन का पुरवा गांव की रहने वाली यशोदा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब वह खेत में काम करने गई थीं, तब अंग्रेजी सिखाने वाला वीडियो बनाने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान उनके पति ने उन्हें वीडियो बनाने के लिए डांटा। इसके बावजूद यशोदा ने हार नहीं मानी। उन्होंने किसी तरह वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। इसके बाद जो हुआ, उसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी। प्रियंका चोपड़ा जोनास ने उनका वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कर दिया।
विज्ञापन
View this post on Instagram
विज्ञापन
प्रियंका के साथ इन सितारों ने भी सराहा
यशोदा ने बताया कि उन्हें शुरुआत में पता ही नहीं चला कि उनके वीडियो को इतने बड़े सितारों ने देखा है। उन्होंने अपने कैप्शन में बताया कि उनके घर में टीवी नहीं है और वह सेलिब्रिटीज को ज्यादा फॉलो भी नहीं करतीं। जब उनके छात्रों ने उन्हें बताया तो उन्हें काफी खुशी हुई। यशोदा के मुताबिक प्रियंका चोपड़ा के अलावा मृणाल ठाकुर, आर माधवन और अभय देओल ने भी उनके काम की तारीफ की है। प्रियंका के वीडियो शेयर करने को उन्होंने अपने लिए बेहद खास बताया और कहा कि इस छोटे से इशारे ने उन्हें आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।
खुद सीखी अंग्रेजी, फिर बनाया अपना अंदाज
यशोदा ने कक्षा 12 तक पढ़ाई की है। उन्होंने अंग्रेजी खुद सीखी। शुरुआत में वह दूसरे लोगों के वीडियो सुनती थीं और उनकी नकल करके बोलने की प्रैक्टिस करती थीं। करीब 15 दिन बाद उन्होंने अपना अलग अंदाज बनाया और वीडियो बनाना शुरू किया। उनका यूट्यूब चैनल दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था। आज उनके सोशल मीडिया पर लाखों लोग जुड़े हैं। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स पांच लाख से ज्यादा हो चुके हैं। यशोदा ने लोगों को एक सीधी सी बात भी कही- अपने छोटे प्रयासों को कभी कम मत समझिए। पता नहीं आपकी मेहनत कब और किस बड़े व्यक्ति तक पहुंच जाए। खेत में काम करने वाली एक गांव की लड़की का वीडियो प्रियंका चोपड़ा तक पहुंचना इसी बात की मिसाल है।