ज्वालामुखी सोये हुए दानव की तरह होते हैं। कभी-कभी ही जागते हैं और जब जागते हैं तो आसपास के लोगों पर कहर बरपा कर फिर शांत हो जाते हैं। दुनिया में कई ऐसे ज्वालामुखी हैं। सिर्फ लातिन अमेरिका में ही ऐसे दर्जनों सक्रिय ज्वालामुखी हैं। लेकिन इन में से कुछ बहुत ही खतरनाक हैं। ये ज्वालामुखी या तो समय-समय पर भड़कते रहते हैं या फिर इनकी विनाशकारी क्षमता इन्हें खतरनाक श्रेणी में रखती है। चलिए जानते हैं दुनिया के 10 सबसे खतरनाक ज्वालामुखी के बारे में...
दुनिया के 10 सबसे खतरनाक ज्वालामुखी जो हैं सोये हुए दानव, जग गए तो मचा देंगे तबाही
1. पोपोकटेपेटल, मैक्सिको
यह ज्वालामुखी 5,452 मीटर ऊंचा है और अत्यधिक सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है। यही कारण है कि इसकी मॉनिटरिंग लगातार की जाती है। यह मैक्सिको सिटी से दक्षिणपूर्व में करीब 70 किलोमीटर दूर है। अगर यह विस्फोट हुआ तो करीब 2.5 करोड़ लोग प्रभावित होंगे। साल 1994 के बाद यह सक्रिय हो गया है। इससे राख और लावा निकलते रहते हैं। साल 2016 में राखों का धुंध तीन किलोमीटर तक ऊपर उठा था, जिसके बाद प्यूएबला राज्य में अलर्ट जारी किया गया था।
2. कोलिमा ज्वालामुखी, मैक्सिको
यह माना जाता है कि यह मैक्सिको का सबसे सक्रिय ज्वालामुखी है। हाल के सालों में यह समय-समय पर राख और धुआं छोड़ता रहा है। इसकी ऊंचाई 3280 मीटर है और जलिस्को और कोलिमा की सीमा पर स्थित है। 2015 और 2016 में इसके राखों के फव्वारे की वजह आसपास के इलाके खाली करा दिए गए थे।
3. तुरीआल्बा ज्वालामुखी, कोस्टा रिका
कोस्टा रिका के बीचों बीच ये ज्वालामुखी स्थित है। यह कैलिफोर्निया के सैन जोस शहर के करीब 60 किलोमीटर दूर है। सितंबर 2016 में इससे भयानक विस्फोट हुआ था, जिसके बाद आसपास के शहरों पर राख के बादल छा गए थे। ये विस्फोट इस ज्वालामुखी का कई दशकों में सबसे बड़ा विस्फोट माना जाता है। तब से इस ज्वालामुखी से धुआं, राख और गरम पदार्थों का उत्सर्जन होता रहा है।
4. ग्लैरस, कोलंबिया
यह कोलंबिया का सबसे सक्रिय ज्वालामुखी माना जाता है। यह नरिनो में स्थित है। 1993 में हुए हल्के विस्फोट में वैज्ञानिकों के एक समूह और पर्यटकों की मौत हो गई थी। ये सभी ज्वालामुखी के क्रेटर के अंदर थे।बीते सालों में इसमें छोटे-मोटे विस्फोट होते रहे हैं और राख, धुआं निकलते रहे हैं।