'मुझे बर्बाद कर दिया...' चुनाव हारने का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाया उम्मीदवार, वीडियो देख छूट जाएगी हंसी
Viral Video: सरपंच का चुनाव हारने के बाद एक उम्मीदवार फूट-फूटकर रोने लगा। ग्रामीण उसे समझाते रहे, लेकिन जब वह शांत नहीं हुआ तो उसे कार में बैठाकर वहां से ले गए। वीडियो पर यूजर्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।
विस्तार
चुनाव लड़ना और उसमें जीत हासिल करना किसी भी उम्मीदवार के लिए आसान नहीं होता। इसके लिए महीनों पहले से तैयारी शुरू हो जाती है। उम्मीदवार गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से वोट मांगते हैं। उन्हें उम्मीद रहती है कि इस बार जनता उन्हें मौका जरूर देगी। लेकिन जब नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आते तो निराशा होना भी लाजिमी है। कोई हार को खेल का हिस्सा मानकर आगे बढ़ जाता है तो कोई उसे दिल पर लगा बैठता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सरपंच का चुनाव हारने के बाद एक उम्मीदवार फूट-फूटकर रोने लगता है। उसे संभालने के लिए आसपास के लोग काफी कोशिश करते हैं, लेकिन उसके आंसू रुकने का नाम ही नहीं लेते।
सरपंच का चुनाव हारा तो रोने लगा उम्मीदवार
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स सरपंच का चुनाव हारने के बाद काफी निराश है। वह लोगों के बीच खड़ा होकर लगातार रो रहा है। आसपास मौजूद ग्रामीण उसे समझाने में लगे हैं। कोई उसे कहता है कि चुनाव में हार-जीत तो लगी रहती है, तो कोई उसे परेशान न होने की सलाह देता है। ग्रामीणों की पूरी कोशिश है कि किसी तरह वह शांत हो जाए और अपनी हार को स्वीकार कर ले। हालांकि, उम्मीदवार पर किसी की बात का असर होता नजर नहीं आ रहा है। वह लगातार रोता रहता है।
View this post on Instagram
रोते हुए बोला- मुझे बर्बाद कर दिया
इस वीडियो का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब आता है, जब रोते हुए उम्मीदवार अपनी बात कहता है। वह वहां की स्थानीय बोली में कहता है कि उसे बर्बाद कर दिया। उसकी यह बात सुनकर वीडियो देखने वाले लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। आसपास खड़े लोग उसे बार-बार समझाते हैं कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। लेकिन उम्मीदवार की नाराजगी और दुख कम होता नजर नहीं आता।
कार में बैठाकर ले गए ग्रामीण
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि जब काफी देर तक समझाने के बाद भी शख्स चुप नहीं होता तो ग्रामीण उसे वहां से ले जाने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति उसे उठाकर कार में बैठा देता है। खास बात यह है कि चुनाव हारने के बाद भी आसपास के लोग उसे सरपंच कहकर बुलाते नजर आते हैं। यही छोटी-सी बात वीडियो को और मजेदार बना देती है।
वीडियो देख यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट्स
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लोग काफी मजेदार अंदाज में देख रहे हैं। उम्मीदवार के रोने और ग्रामीणों के उसे समझाने के तरीके पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'मैं आपके साथ हूं।' वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सरपंच को कोई अस्पताल लेकर जाओ। फिलहाल यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है और यूजर्स इसे देखकर खूब मजे ले रहे हैं।