{"_id":"6af575e9fb4b3b0b560431b1","slug":"auto-drivers-inspiring-story-wins-hearts-preparing-for-super-tet-while-driving-2026-11-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"सवारी को मंजिल तक पहुंचाते-पहुंचाते खुद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा ऑटो चालक, जवाब सुनकर आप भी करेंगे सलाम","category":{"title":"Bizarre News","title_hn":"हटके खबर","slug":"bizarre-news"}}
सवारी को मंजिल तक पहुंचाते-पहुंचाते खुद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा ऑटो चालक, जवाब सुनकर आप भी करेंगे सलाम
Thu, 12 Nov 2026 02:49 PM IST
दीक्षा पाठक
फीचर डेस्क, अमर उजाला
फीचर डेस्क, अमर उजाला
Published by: दीक्षा पाठक
Updated Thu, 12 Nov 2026 02:49 PM IST
सार
Viral Video: लखनऊ में ऑटो चलाने वाले सूरज तिवारी दिनभर मेहनत करने के साथ सुपर टीईटी की तैयारी भी कर रहे हैं। उनकी कहानी बता रही है कि मुश्किल हालात में भी सपनों के लिए कोशिश जारी रखी जा सकती है।
विज्ञापन
ऑटो में बैठते ही महिला की नजर मोबाइल पर पड़ी
- फोटो : इंस्टाग्राम@_mallikaagarwal
विस्तार
कहते हैं कि सपने पूरे करने के लिए सिर्फ मेहनत ही नहीं, बल्कि मुश्किल हालात में भी हिम्मत बनाए रखना जरूरी होता है। कई बार जिंदगी ऐसी परिस्थितियां सामने खड़ी कर देती है, जहां इंसान के पास दो ही रास्ते होते हैं। या तो वह हालात के आगे हार मान ले या फिर उनसे लड़कर अपना रास्ता खुद बनाए। लखनऊ की सड़कों पर ऑटो चलाने वाले सूरज तिवारी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वह दिनभर ऑटो चलाकर लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाते हैं, लेकिन इस दौरान अपने सपने को भी नहीं भूलते। उनका सपना सरकारी शिक्षक बनना है और इसके लिए वह ऑटो चलाते हुए भी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं। उनका एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
विज्ञापन
ऑटो में मोबाइल पर देख रहे थे पढ़ाई का लेक्चर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से यह वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो में मल्लिका अग्रवाल ऑटो में सफर करती नजर आती हैं। इस दौरान उनकी नजर ड्राइवर की सीट के पास लगे मोबाइल स्टैंड पर पड़ती है। मोबाइल पर कोई गाना या मनोरंजन का वीडियो नहीं, बल्कि पढ़ाई का लेक्चर चल रहा होता है। यह देखकर मल्लिका ऑटो चालक से पूछती हैं कि वह किस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। इस पर चालक मुस्कुराते हुए बताते हैं कि वह सुपर टीईटी की तैयारी कर रहे हैं। बातचीत में उनकी पहचान सूरज तिवारी के रूप में होती है। सूरज मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
View this post on Instagram
विज्ञापन
स्कूल में नहीं मिली नौकरी तो चलाने लगे ऑटो
सूरज बताते हैं कि वह पिछले साल दिसंबर में लखनऊ आए थे। उन्हें उम्मीद थी कि किसी सीबीएसई स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का मौका मिल जाएगा। इसके लिए उन्होंने स्कूलों में संपर्क भी किया, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिली। उनके मुताबिक, प्राइमरी लेवल पर पुरुष शिक्षकों को नौकरी मिलने में मुश्किल होती है और महिला शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे में घर की आर्थिक जिम्मेदारियों को देखते हुए सूरज ने ऑटो चलाना शुरू कर दिया। इससे उनका खर्च भी निकलने लगा और पढ़ाई जारी रखने का रास्ता भी बना रहा। अब वह ऑटो चलाने के साथ-साथ सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हैं।
मुश्किलों को लेकर कही ऐसी बात, जीत लिया लोगों का दिल
मल्लिका ने जब उनसे पूछा कि दिनभर ऑटो चलाने, ट्रैफिक और थकान के बीच पढ़ाई कैसे कर लेते हैं, तो सूरज ने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, "मैम, हो जाता है क्योंकि मैं हमेशा से ही थोड़ा मुश्किल समय देख रहा हूं। मुझे समस्याएं और ज्यादा समझ में आती हैं। जिंदगी में जितनी सारी प्रॉब्लम होंगी, मुझे रास्ता उतना ही साफ समझ में आता है।" सूरज की यही बात लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स उनकी मेहनत और सोच की तारीफ कर रहे हैं। कई लोग उन्हें असली हीरो बता रहे हैं और दुआ कर रहे हैं कि उनका सरकारी शिक्षक बनने का सपना जल्द पूरा हो। साथ ही लोग चाहते हैं कि सूरज अपनी बाइक से दुनिया घूमने का सपना भी पूरा कर सकें।