कोलकाता की सड़क पर चल रहे थे लात-घूंसे, तभी हुई ‘सिंघम’ की एंट्री, एक्शन देख शांत हो गया पूरा मामला
Viral Video: कोलकाता का बताकर शेयर किए गए एक वायरल वीडियो में सड़क पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होती दिख रही है। इसी बीच एक पुलिसकर्मी की एंट्री होती है, जिसके बाद झगड़ा शांत होता नजर आता है। सोशल मीडिया पर लोग पुलिसकर्मी के अंदाज को 'सिंघम' से जोड़ रहे हैं।
विस्तार
सड़क पर चलते समय छोटी-सी बात पर शुरू हुआ झगड़ा कब मारपीट तक पहुंच जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। कई बार मामूली कहासुनी में लोग अपना आपा खो बैठते हैं और बीच सड़क पर ही भिड़ जाते हैं। ऐसा ही कुछ कोलकाता के एक वायरल वीडियो में देखने को मिल रहा है। यहां सड़क पर दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चलते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उस पुलिस वाले की हो रही है, जिसकी एंट्री देखकर लोगों को फिल्म 'सिंघम' की याद आ गई। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। तो आइए जानते हैं।
सड़क पर ही शुरू हो गई मारपीट
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर शेयर किया गया है। पोस्ट के कैप्शन में दावा किया गया है कि यह घटना कोलकाता की है। बताया गया है कि एक टैक्सी ड्राइवर और स्थानीय व्यक्ति के बीच सड़क पर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। इसके बाद सड़क पर ही एक-दूसरे को धक्का देने और लात-घूंसे मारने का सिलसिला शुरू हो गया।
A stunning street fight in Kolkata turned into a movie scene when Singham made his entry It started as a road rage clash between a taxi driver and a local. As everyone watched the fight, Singham arrived and wrapped it up instantly https://t.co/vnfe7yjQNo
— Ramesh Speaks (@rameshofficial0) October 13, 2026
कार के अंदर से रिकॉर्ड हुआ वीडियो
वीडियो में सड़क किनारे बैरियर के पास कई लोग आपस में लड़ते नजर आ रहे हैं। कोई किसी को धक्का दे रहा है, तो कोई लात-घूंसे चलाता दिख रहा है। पास में पीले रंग की एक टैक्सी भी खड़ी दिखाई देती है। वहीं, आसपास मौजूद लोग इस झगड़े को देखते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग अपने मोबाइल से इस घटना को रिकॉर्ड भी कर रहे हैं। वीडियो को एक कार के अंदर से बनाया गया है, जिसमें गाड़ी के डैशबोर्ड का हिस्सा भी दिखाई देता है।
पुलिस वाले की एंट्री ने बदल दिया पूरा नजारा
मारपीट के बीच कुछ ऐसा होता है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी आता दिखाई देता है। उसे देखते ही लोग उसके अंदाज की तुलना फिल्म 'सिंघम' से करने लगते हैं। पुलिसकर्मी झगड़ा रोकने के लिए बीच में आता है और कार्रवाई करता नजर आता है। इसके बाद वह एक व्यक्ति को पकड़कर गाड़ी में बैठाता दिखाई देता है। कुछ ही देर में सड़क पर मचा हंगामा शांत होता नजर आने लगता है।
वीडियो पर लोग कर रहे मजेदार कमेंट
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग सड़क पर हो रही मारपीट को देखकर हैरान हैं, तो कुछ इसे बॉलीवुड फिल्मों के एक्शन सीन से जोड़ रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने वीडियो में नजर आ रहे बड़े-बड़े होर्डिंग्स को लेकर भी मजेदार टिप्पणियां की हैं। हालांकि, वीडियो के साथ किए गए दावों और घटना की पूरी जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।