Viral Video: एक बाइक पर 8 लड़के बैठकर मार रहे थे स्टंट, पुलिस ने लिया आड़े हाथों और निकाल दी सारी हीरोपंती
Viral Video: इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि एक स्कूटी पर तीन या चार नहीं, बल्कि पूरे आठ युवक सवार हैं। यह सीन हैदराबाद के आउटर रिंग रोड का बताया जा रहा है।
विस्तार
देशभर में सड़क हादसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू किया गया है। खासकर टू व्हीलर वाहनों के लिए नियम बेहद स्पष्ट हैं। एक स्कूटी या बाइक पर दो से ज्यादा लोग सवारी नहीं कर सकते और हेलमेट पहनना अनिवार्य है। लेकिन हैरानी की बात है कि अब भी कई लोग इन नियमों को हल्के में लेते हैं और जानबूझकर ऐसी हरकतें करते हैं, जिससे न केवल उनकी बल्कि दूसरों की जान को भी खतरा हो सकता है। ऐसा ही एक मामला हाल ही में हैदराबाद में सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। आइए जानते हैं कि इस घटना के वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि एक स्कूटी पर तीन या चार नहीं, बल्कि पूरे आठ युवक सवार हैं। यह सीन हैदराबाद के आउटर रिंग रोड का बताया जा रहा है। सबसे खतरनाक बात यह है कि इन सभी युवकों ने न तो हेलमेट पहन रखा है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा का ध्यान रखा है। वीडियो में दिख रहा है कि स्कूटी तेज रफ्तार में दौड़ रही है और युवक स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं।
8 youngsters were seen involved in reckless driving on #Hyderabad’s Outer Ring Road. Police booked all of them for reckless and negligent driving after video of them went viral. pic.twitter.com/GBcmywZ47T
— Sowmith Yakkati (@YakkatiSowmith) June 24, 2025
लड़कों ने किया खतरनाक स्टंट
वीडियो में कुछ युवक नॉर्मल तरीके से स्कूटी की सीट पर बैठे हैं, जबकि एक युवक स्कूटी के हैंडल पर बैठा हुआ दिखाई देता है। वहीं, एक और लड़का स्कूटी की फ्रंट बॉडी के बीच की खाली जगह में बैठा है। यह सीन देखकर ऐसा लगता है कि कुछ युवक नाबालिग भी हो सकते हैं। इस खतरनाक स्टंट को देखकर हर कोई हैरान रह गया। इस वीडियो को सबसे पहले @Pankajkr36 नामक यूजर ने एक्स पर साझा किया। वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, "लगता है लोगों की जिंदगी की कोई कीमत ही नहीं रही।" वहीं दूसरे ने सवाल उठाया, "क्या इन्हें रास्ते में किसी ट्रैफिक पुलिस ने नहीं रोका?"
आठों युवकों को लिया गया हिरासत में
वीडियो के वायरल होते ही हैदराबाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। सभी आठों युवकों को हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वीडियो में दिख रहे युवकों में कोई नाबालिग तो नहीं है। यदि ऐसा पाया गया तो उनके माता-पिता के खिलाफ भी संबंधित कानूनों के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।