2015 का 'वो' सबसे चर्चित अंग्रेजी शब्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्या आपको पता है कि साल 2015 का अंग्रेजी का सबसे चर्चित शब्द कौन सा है। आप ये जानकर हैरान रह जाएंगे कि वो लफ्ज है, 'They'। इसका मतलब है 'वो'। वो आप किसी साथी को भी कह सकते हैं किसी जानने वाले को भी और दूर खड़े किसी शख्स की तरफ भी इशारा कर सकते हैं।
वो मर्द भी हो सकता है और औरत भी। यही इस शब्द के 'वर्ड ऑफ द ईयर' चुने जाने की सबसे बड़ी वजह है। इससे मर्द-औरत का फर्क मिटता है। अमरीकी डायलेक्ट सोसाइटी ने इस लफ्ज के 'वर्ड ऑफ द ईयर' चुने जाने पर मुहर लगाई थी। यूं तो 'They' शब्द, अंग्रेजी में सदियों से इस्तेमाल हो रहा है।
लेकिन, अमरीकी डायलेक्ट सोसाइटी का इसे 'वर्ड ऑफ द ईयर' चुनने का खास मकसद था। वो किसी औरत या मर्द को पुकारने के अलग सर्वनाम का भेद मिटाना चाहते थे। क्योंकि अंग्रेजी में किसी आदमी के लिए 'He' शब्द इस्तेमाल होता है। वहीं किसी महिला के लिए 'She' कहा जाता है। सबकी बराबरी की बात करने वालों को ये फर्क नागवार गुजर रहा था।
इसीलिए उन्होंने 'They' को 'वर्ड ऑफ द ईयर' चुना। अमरीकी डायलेक्ट सोसाइटी के अध्यक्ष बेन जिमर कहते हैं कि आज जेंडर वार यानी औरत-मर्द के बीच का फर्क मिटाने की लड़ाई, डिक्शनरी के मोर्चे पर लड़ी जा रही है।
सिर्फ अंग्रेजी में ही नहीं, कई और जबानों में भी ये फर्क मिटाने की कोशिश हो रही है
सिर्फ अंग्रेजी में ही नहीं, कई और जबानों में भी ये फर्क मिटाने की कोशिश हो रही है। जैसे 2015 में ही स्वीडिश एकेडमी ने 'hen' शब्द पर मुहर लगाई, जो किसी महिला को प्यार से पुकारने में इस्तेमाल होगा। यूं तो ये शब्द 1960 में ही पहली बार इस्तेमाल हुआ था।
लेकिन चलन में नहीं आ सका था। औरत और मर्द को पुकारने के अलग शब्दों के विरोधियों ने इसके चलन पर जोर दिया। लेकिन, ये बात मानने में स्वीडिश एकेडमी को पचपन साल लग गए। अमरीका की इलिनॉय यूनिवर्सिटी में अंग्रेजी और जबान के प्रोफेसर डेनिस बैरन कहते हैं कि ये लड़ाई बहुत पुरानी है।
किसी खास शब्द को लेकर अक्सर दो गुट बन जाते हैं। लेकिन जब अखबारों में, भाषणों में किसी शब्द का इस्तेमाल होने लगता है तो उस शब्द को लोग स्वीकार कर लेते हैं। उसे इस्तेमाल करने लगते हैं। चलन में आने के बावजूद कुछ शब्दों का विरोध होता रहता है।
लेकिन कुछ लोग तो ये भी सोचते हैं कि ये तो महज एक लफ्ज है। इस पर क्या इतनी बहस करनी? वैसे अंग्रेजी में ऐेसे सर्वनाम की तलाश काफ़ी दिनों से हो रही है जो किसी खास तबके के बजाय सबके लिए इस्तेमाल हो सके।
अमरीका में तो यूनिवर्सिटी के छात्रों से पूछा जाता है
अमरीका में तो यूनिवर्सिटी के छात्रों से पूछा जाता है कि वो अपने साथियों को नाम के सिवा किस खास सर्वनाम से पुकारना चाहेंगे। वो 'he' होगा, 'she' होगा या फिर 'ze'? ब्रिटेन में भी छात्रों से अब ये सवाल किया जाने लगा है। अमरीका में तो कई यूनिवर्सिटी में छात्रों ने इसका विरोध भी किया।
लेकिन ज्यादातर जगह छात्रों ने इस सवाल का खुशी-खुशी जवाब दिया। जबान के जानकार अमरीकी प्रोफेसर डेनिस बैरन कहते हैं कि अंग्रेजी में 'he' या 'she' से अलग किसी शब्द की तलाश पिछले डेढ़ सौ सालों से हो रही है। स्कॉटलैंड के अर्थशास्त्री जेम्स एंडरसन ने इसके लिए 'ou' शब्द इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा था।
बैरन बताते हैं कि ou के सिवा, ne, nis, nim और hiser जैसे शब्दों के प्रस्ताव भी मिल चुके हैं। असल में 'ही' या 'शी' से इतर, अब समलैंगिकों को भी समाज में मान्यता मिल रही है। इसलिए ऐसे सर्वनाम या शब्द की तलाश की जा रही है, जिसमें औरत या मर्द के लिए इस्तेमाल होने वाला एहसास न हो। इसके लिए कभी 'it' और कभी 'which' शब्द इस्तेमाल करने का सुझाव भी आ चुका है।
तमाम विधेयकों में 'he' का मतलब 'he' और 'she' दोनों ही होगा
1912 में शिकागो पब्लिक स्कूल की अधीक्षक एला फ्लैग यंग ने इसके लिए he'er, him'er, his'er जैसे शब्द इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। यंग के सुझाव पर तहलका मच गया था। उस वक्त की मशहूर पत्रिका हार्पर्स वीकली के संपादक जॉर्ज हार्वे ने तो यहां तक कह दिया कि अगर हम औरत-मर्द के भेद को मिटा देंगे तो हमें जबान की जरूरत भी नहीं।
इस मामले में कानूनी पेचीदगियां भी हैं। जैसे, ब्रिटिश संसद ने 1850 में एक कानून बनाया, जिसमें कहा गया कि तमाम विधेयकों में 'he' का मतलब 'he' और 'she' दोनों ही होगा। सिवाए उन बातों के जहां खास तौर से ये फर्क रखा गया हो।
स्त्रीवादी आंदोलनों ने खास तौर से जेंडर न्यूट्रल शब्दों के इस्तेमाल पर जोर दिया है। इसके लिए कई नए लफ्ज गढ़े भी गए हैं। मगर इनका चलन जोर नहीं पकड़ सका। Thon और he'er शब्द इसकी सबसे बड़ी मिसाल हैं। इन्हें नाकाम लफ्ज कहा जाता है। डेनिस बैरन कहते हैं कि जेंडर न्यूट्रल सर्वनाम के मोर्चे पर 'They' शब्द सबसे कामयाब रहा है।
'They' की ही तरह 'You' शब्द का कई तरह से इस्तेमाल होता रहा है। 'You' के साथ ही 'Thee' या 'thou' शब्द का इस्तेमाल भी तुम या आप कहने के लिए होता रहा है। कई बार 'You' लफ्ज सम्मान जाहिर करने के लिए होता है। इसी तरह 'They' के इस्तेमाल को भी तवज्जो दी जा सकती है।
अमरीका की कॉर्नेल यूनिवर्सिटी की सैली मैक्कॉनेल गिनेट कहती हैं कि नए शब्द, लोगों को नए मु्द्दों के बारे में बात करने के लिए उकसाते हैं। एक नई सोच को बढ़ावा देते हैं। विवादित मुद्दों पर बहस में शामिल होने का हौसला देते हैं।
इसलिए जरूरी है कि नए शब्द चलन में आते रहें। या फिर 'They' जैसे पुराने शब्दों को ही नई पहचान के साथ इस्तेमाल किया जाए। 2015 में मशहूर अमरीकी अखबार 'द वॉशिंगटन पोस्ट' ने 'They' को अपनी स्टाइल गाइड में शामिल कर लिया था।
इसका इस्तेमाल, औरत-मर्द में भेद न करने वाले सर्वनाम के तौर पर होना तय किया गया। सैली मैक्कॉनेल गिनेट कहती हैं कि किसी खास शब्द से इंकिलाब नहीं आएगा। मगर इसे चिंगारी की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। ताकि बदलाव की क्रांति की बुनियाद रखी जा सके।