{"_id":"629f680c09f37f2c657c463e","slug":"union-minister-nitin-gadkari-says-road-infrastructure-of-bihar-will-be-at-par-with-that-of-the-united-states-by-december-2024","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: 2024 तक बिहार में होगा अमेरिका जैसा रोड नेटवर्क, नितिन गडकरी बोले- मैं जो कहता हूं, करता हूं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: 2024 तक बिहार में होगा अमेरिका जैसा रोड नेटवर्क, नितिन गडकरी बोले- मैं जो कहता हूं, करता हूं
Tue, 07 Jun 2022 10:25 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Tue, 07 Jun 2022 10:25 PM IST
सार
नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार के लोगों को इस सेतु से काफी फायदा होगा। अब उत्तर बिहार से राजधानी पटना का सफर आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु बिहार की जीवनरेखा है, जो उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ता है।
विज्ञापन
नितिन गडकरी-नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को बिहार को बड़ी सौगात दी। उन्होंने भारत के सबसे लंबे स्टील ब्रिज महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी फ्लैन्क का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ राज्य के सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार बदल रहा है और इसे लेकर उन्हें बड़ी खुशी है। नितिन गडकरी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति कर रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार 2024 से पहले बिहार में अमेरिका की तरह रोड नेटवर्क होगा।
विज्ञापन
बिहार के लोगों को होगा फायदा
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को इस सेतु से काफी फायदा होगा। अब उत्तर बिहार से राजधानी पटना का सफर आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु बिहार की जीवनरेखा है, जो उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ता है। इस सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट परियोजना से महात्मा गांधी सेतु को पार करने का 2 से 3 घंटे का समय घटकर 5 से 10 मिनट का हो गया है। इस मौके पर नितिन गडकरी ने राज्य में 15 रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं जो कहता हूं, डंके की चोट पर करता हूं।
विज्ञापन
नितिन गडकरी ने कहा कि सड़कें एक राज्य और एक देश की समृद्धि से जुड़ी होती हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार के सड़क नेटवर्क में जबरदस्त सुधार हुआ है और मुझे यकीन है कि इसमें और सुधार होगा। मैं यह विश्वास के साथ कह सकता हूं कि 2024 तक राज्य की सड़कों का बुनियादी ढांचा अमेरिका के बराबर हो जाएगा।
विज्ञापन
बिहार से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं जल्द होंगी पूरी
उन्होने इस मौके पर संबोधित करते हुए कहा कि बिहार से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं को जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रालय बौद्ध, जैन और राम जानकी-अयोध्या सर्किट जैसी कुछ परियोजनाओं की डीपीआर को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। इस दौरान गडकरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राज्य में एक्सप्रेसवे के साथ औद्योगिक क्लस्टर और स्मार्ट सिटी स्थापित करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से समय और ईंधन की बचत होगी। उद्योग और पर्यटन बढ़ेगा। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा और बिहार में खुशहाली और तरक्की की नई राह खुलेगी।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार ने पहले ही मेगा सड़क, पुल और राजमार्ग परियोजनाओं के चल रहे निर्माण में तेजी से काम किया है। उन्होने कहा कि सड़कों, पुलों और राजमार्गों के रखरखाव के बारे में अधिकारियों को निर्दिष्ट समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि 5,750 मीटर लंबे महात्मा गांधी सेतु का उद्घाटन 1982 में तत्कालीन प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने देश के सबसे लंबे नदी पुल के रूप में किया था। इस लेन का निर्माण 18 माह में पूरा किया गया है। इसमें कुल 66,360 मिट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है।