{"_id":"6642bd38d5b2a110b4039459","slug":"sushil-modi-brought-bjp-to-power-in-bihar-entered-politics-through-jp-movement-know-everything-2024-05-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sushil Modi: भाजपा को बिहार की सत्ता तक पहुंचाया; JP आंदोलन से राजनीति में एंट्री, इमरजेंसी में जेल भी गए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sushil Modi: भाजपा को बिहार की सत्ता तक पहुंचाया; JP आंदोलन से राजनीति में एंट्री, इमरजेंसी में जेल भी गए
Tue, 14 May 2024 06:54 AM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Tue, 14 May 2024 06:54 AM IST
सार
बिहार भाजपा के दिग्गज नेताओं में शुमार मोदी ने पार्टी को राज्य की सत्ता तक पहुंचाने के लिए अथक परिश्रम किया। जद-यू प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके घनिष्ठ संबंध रहे और उनके साथ उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने लंबे समय तक काम किया।
विज्ञापन
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी
- फोटो : Amar ujala digital
विस्तार
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी (72) का सोमवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कैंसर से निधन हो गया। बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर सुशील मोदी के निधन की जानकारी साझा की।
विज्ञापन
बिहार भाजपा के दिग्गज नेताओं में शुमार मोदी ने पार्टी को राज्य की सत्ता तक पहुंचाने के लिए अथक परिश्रम किया। जद-यू प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके घनिष्ठ संबंध रहे और उनके साथ उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने लंबे समय तक काम किया। बिहार के वित्त मंत्री के रूप में सुशील मोदी ने जीएसटी काउंसिल में राज्यों की अधिकार प्राप्त समिति के प्रमुख की भूमिका भी प्रभावी रूप से निभाई। बिहार की राजनीति में सुशील मोदी, लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की तिकड़ी हमेशा महत्वपूर्ण रही। तीनों आपातकाल के दौरान जेपी आंदोलन की उपज थे।
विज्ञापन
पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के महासचिव से हुई शुरुआत
सुशील मोदी के राजनीतिक कॅरिअर की शुरुआत 1973 में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के महासचिव बनने के साथ हुई। खास बात यह है कि उनके अध्यक्ष तब लालू प्रसाद यादव ही थे।
विज्ञापन
लालू को जेल भिजवाया
सुशील मोदी उन नेताओं में थे, जिन्होंने चारा घोटाले में लालू प्रसाद यादव की भूमिका को उजागर किया था। इस मामले में उन्होंने ही पटना हाईकोर्ट में लालू प्रसाद के खिलाफ जनहित याचिका दायर की थी।
1990 में पहली बार बने विधायक
सक्रिय राजनीति में उनकी शुरुआत 1990 में पटना सेंट्रल सीट पर जीत से हुई। इस सीट को अब कुम्हरार कहा जाता है। 1995, 2000 में वह फिर जीते। 2004 में वह भागलपुर सीट से सांसद चुने गए। 2005 में बिहार में नीतीश कुमार के जद-यू और भाजपा की गठजोड़ सरकार बनने पर मोदी पहली बार उप मुख्यमंत्री बने।
बिहार में भाजपा के उत्थान में दिया अमूल्य योगदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने सुशील मोदी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। वहीं, शाह ने कहा, बिहार ने राजनीति का एक स्तंभ खो दिया है। उनके निधन से खाली जगह को लंबे समय तक नहीं भरा जा सकेगा। राजनाथ ने कहा, सुशील मोदी का लंबा राजनीतिक जीवन जनसेवा और गरीबों के कल्याण को समर्पित था। नड्डा ने एबीवीपी के दिनों से सुशील मोदी से अपने संबंधों को याद किया और कहा कि उनका पूरा जीवन बिहार को समर्पित रहा।