बिहार न्यूज: टक्कर के बाद एक किमी तक बाइक को घसीटता रहा हाइवा, दो परिवारों में मातम
सारण के बनियापुर में एनएच-331 पर तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक बाइक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता चला गया।
विस्तार
सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-331 पर स्थित चेतन छपरा तीखा मोड़ के समीप बीती रात तेज रफ्तार हाइवा ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद हाइवा बाइक को घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर दूर तक ले गया। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान
मृतकों में एक युवक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के कामता गोपालपुर गांव निवासी शिवजी रावत के पुत्र 26 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान राजकुमार शाह के 23 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार शाह के रूप में की गई है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर में दोनों युवकों के चेहरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके चलते परिजनों को उनकी पहचान करने में भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बीती रात करीब 10 बजे दोनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-331 पर चेतन छपरा तीखा मोड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक ट्रक में बुरी तरह फंस गई और चालक हाइवा को लेकर करीब एक किलोमीटर दूर पुछरी नहर पुल के समीप तक बाइक को घसीटता चला गया।
ये भी पढ़ें- बिहार: विधायक अनंत सिंह का बदला सियासी रुख, अब लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी; जानें किस सीट पर है नजर
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। इस भीषण सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भारी वाहनों और उनके चालकों की लापरवाही के विरोध में सड़क जाम करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
दो युवा बेटों की असमय मौत से कामता गोपालपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं।
