पूर्णिया: तीन कट्ठा जमीन के विवाद में गोली लगने से घायल महिला की मौत, गांववालों ने चंदा जुटाकर कराया था इलाज
पूर्णिया के डगरुआ थाना क्षेत्र में तीन कट्ठा जमीन के विवाद में गोली लगने से घायल कोमल कुमारी की पटना पीएमसीएच में मौत हो गई। आर्थिक तंगी के कारण परिजनों ने गांववालों से चंदा जुटाकर इलाज कराया, लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका।
विस्तार
पूर्णिया जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र के कचना रहिका टोल गांव में महज तीन कट्ठा जमीन के विवाद में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला की पटना स्थित पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिजनों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे में गांववालों ने चंदा इकट्ठा कर महिला के इलाज में मदद की, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों के अनुसार, 24 अगस्त को तीन कट्ठा जमीन के विवाद में आरोपी चचेरे ससुर विष्णु दास ने कोमल कुमारी (25 वर्ष), पति गुलशन दास, को गोली मार दी थी। उस समय वह घर के बाहर गोबर के उपले (गौयठा) थाप रही थी। गोली उसकी पीठ में जा धंसी थी। घटना से पहले आरोपी ने महिला के पति पर भी धारदार हथियार से हमला किया था।
पढ़ें: पीएम के पिता पर की गई टिप्पणी पर भड़के अमित शाह, बोले- कांग्रेस में गाली-गलौज की राजनीति बची
गंभीर रूप से घायल कोमल को पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। इलाज के लिए उनके पास पैसे नहीं बचे थे। ऐसे में उन्होंने गांववालों से मदद मांगी और चंदा इकट्ठा कर इलाज जारी रखा। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। महिला की मौत की खबर मिलते ही कचना रहिका टोल गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की पुष्टि करते हुए डगरुआ थानाध्यक्ष उमेश पासवान ने बताया कि गंभीर रूप से घायल महिला की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।