हार के बाद से गायब तेजस्वी के 'लापता' होने का लगा पोस्टर, ढूंढ़कर लाने पर 5100 रुपये इनाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन को लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव दिखाई नहीं दे रहे हैं। यहां तक कि दिमागी बुखार के कहर से मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में 140 से ज्यादा मासूमों की मौत के बाद भी वह सामने नहीं आए हैं। संकट के इस समय में नेता प्रतिपक्ष के नजर नहीं आने से मुजफ्फरपुर में लोग नाराज हैं। एक सामाजिक कार्यकर्ता ने तो उनके लापता होने का बैनर लगवा दिया है।
मुजफ्फरपुर के सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने बिहार विधानसभा मे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लापता होने का बैनर लगवाया है और उन्हें ढूंढ़कर लाने वाले के लिए 5100 रुपये का इनाम घोषित किया है। मालूम हो कि एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से बच्चों की मौत के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन समेत कई राजनेता और अभिनेता मुजफ्फरपुर का दौरा कर चुके हैं।
'कहां गायब है गरीब-पिछड़ों का नेता'
हाशमी ने अमर उजाला से दूरभाष पर बातचीत में बताया कि राजद की राजनीति गरीब-पिछड़ों के दम पर है। यहां एक के बाद एक मासूमों की मौत हो रही है और खुद को पिछड़ों और गरीबों का हितैषी बताने वाले तेजस्वी गायब हैं। राज्य में इतनी विकट परिस्थिति है और विपक्ष मौन है। उन्होंने सवाल किया कि क्या उनकी राजनीति केवल सत्ता के लिए है। सत्ता नहीं मिली तो क्या तेजस्वी जनता का हाल भी नहीं लेंगे?
बैनर लगाने के बाद उन्हें कोई फोन कॉल आया या फिर राजद ने संपर्क किया? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि अब तक किसी ने कॉल नहीं किया है। उन्होंने बताया कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और इस नाते उन्होंने बैनर लगवाया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रियों के खिलाफ कोर्ट में मामला दर्ज कराने की भी बात कही।
तेजस्वी के बचाव में उतरे राज्यसभा सांसद मनोज झा
तेजस्वी के नजर नहीं आने को लेकर विरोधी दलों के नेताओं ने भी उनपर पिछले दिनों खूब निशाना साधा। इस बीच गुरुवार को तेजस्वी के बचाव में उतरे राजद नेता और राज्यसभा सांसद मनोज झा ने उनके दिल्ली में होने की बात कही थी।
एक सवाल के जवाब में मनोज झा ने कहा था कि राजद नेता तेजस्वी यादव फिलहाल दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में एक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम से बच्चों की हो रही मौत पर तेजस्वी नजर रख रहे हैं।
रघुवंश ने कहा था- विश्वकप मैच देखने इंग्लैंड गए होंगे तेजस्वी
मनोज झा से पहले राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने तेजस्वी के इंग्लैंड में होने की संभावना जताई थी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि तेजस्वी फिलहाल कहां हैं। हो सकता है कि वह विश्व कप मैच देखने गए होंगे, मैं इस बारे में भी पक्का नहीं हूं।