बिहार: उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद की घर पर परिवार के साथ फोटो वायरल, भाजपा बोली- जंगलराज की वापसी
गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड मामले में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई गई थी, लेकिन कोर्ट ने फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया था। तब से वे जेल में बंद हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि राजद विधायक चेतन आनंद के पिता पूर्व सांसद आनंद मोहन जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। इस बीच वे अपने पूरे लाव लश्कर के साथ पटना स्थित आवास पहुंचे। गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड मामले में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई गई थी, लेकिन कोर्ट ने फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया था। तब से वे जेल में बंद हैं।
इस बीच आनंद मोहन को पुलिस अभिरक्षा में पेशी के लिए पटना लाया गया था, लेकिन बाहुबली पूर्व सांसद लाव-लश्कर के साथ पटना वाले अपने आवास पर पहुंच गए। 12 अगस्त को वो अपने पाटलीपुत्र स्थित आवास पहुंचने के बाद पूर्व सांसद ने अपने समर्थकों के साथ बैठक भी की। इस दौरान आनंद मोहन के साथ उनकी पत्नी लवली आनंद और राजद से विधायक बेटे चेतन आनंद भी मौजूद रहे।
तस्वीरें वायरल होने के बाद हड़कंप
पेशी के लिए पटना आए आनंद मोहन की बैठक करने की तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में अधिकारी सवालों के जवाब देने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें भी खबरों के जरिए इस बारे में जानकारी मिली। जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
मामले में तूल पकड़ा, सियासत भी गरमाई
तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ना शुरू किया। इसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन पर सवाल उठने लगे। भाजपा ने मामले में महागठबंधन सरकार पर सवाल उठाकर सियासी गलियारे में भी हलचल तेज कर दी। बिहार भाजपा के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि महागठबंधन सरकार बनते ही जंगलराज वापस आ गया है। सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरें उसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आम जनता डरी हुई है। महागठबंधन सरकार इस पर जवाब दे। महागठबंधन सरकार बनते ही कई हत्याएं हो चुकी हैं। गुडों के हौसले बुलंद हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है। नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को इस पर जवाब देना चाहिए।
छह पुलिसकर्मी निलंबित
इस मामले में सहरसा एसपी लिपि सिंह ने कहा कि डीएसपी मुख्यालय ने इस पर रिपोर्ट मांगी है। छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, इस मामले में जेल की भूमिका की जांच हो रही है।