Bihar News: तेजस्वी यादव का NDA सरकार पर हमला, कहा- बिहार को पुलिस स्टेट बनाना चाहते हैं सम्राट चौधरी
Bihar Politics: राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव लगातार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार पर हमलावर हैं राज्य में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं को लेकर तेजस्वी ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। आइए जानते हैं पूरा मामला...
विस्तार
'पुलिस स्टेट बना रहे हैं सम्राट चौधरी'
राजद नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अमानवीय तरीके से युवक की पिटाई की और थाने में कई दिनों तक उस पर करंट लगाया गया, जिसके निशान उसके शरीर पर पाए गए। उन्होंने कहा कि वे लगातार आगाह करते रहे हैं कि बिहार को पुलिस स्टेट बनाया जा रहा है और सम्राट चौधरी की यही मंशा है, जिसे वे किसी भी सूरत में सफल नहीं होने देंगे। तेजस्वी ने बताया कि हाजीपुर में भी एक हत्या की घटना हुई है, जहां वे पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज उनका तीन-चार अलग-अलग जगहों पर जाने का कार्यक्रम है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधियों का बोलबाला हो चुका है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं, स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।
संजय झा पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झा पहले अपना पद बचाएं, क्योंकि पार्टी के भीतर ही उनके खिलाफ भारी विरोध है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार को फंसाने और उन्हें राज्यसभा भेजने के पीछे यही लोग हैं, और यही लोग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारों पर काम करते हैं।
छात्र आंदोलन को समर्थन
गर्दनीबाग में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वे छात्रों के साथ खड़े हैं और लगातार उनके समर्थन में सड़क पर उतरते रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि अनशन पर बैठे छात्रों की बातों को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने ऐसा नहीं किया तो उसे छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ेगा।