बिहार: टक्कर के बाद चीख-पुकार, फिर धू-धू कर जला ट्रक; मूर्ति विसर्जन के दौरान एक की मौत, कई घायल
रोहतास के अमझोर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय अजीत कुमार की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी।
विस्तार
रोहतास जिले में शुक्रवार की रात मूर्ति विसर्जन का उत्साह उस वक्त मातम में बदल गया, जब ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना अमझोर थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव के समीप की है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि शुक्रवार की रात करीब आठ बजे दर्जनों की संख्या में लोग एक ट्रैक्टर पर भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति लेकर सोन नदी में विसर्जन के लिए जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर रखी मूर्ति, डीजे साउंड सहित अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।
एक की मौत, कई की हालत नाजुक
दरअसल, इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान 25 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में लगभग एक दर्जन लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जाती है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को गंभीर स्थिति में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- बिहार: पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, पथराव में वाहन का शीशा टूटा; ASI घायल उपचार जारी
आक्रोशित लोगों ने ट्रक में लगाई आग
इधर, हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे ट्रक बुरी तरह जल गया। हालांकि, सूचना पर पहुंची अमझोर थाने की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और हादसे की जांच में जुट गई। पुलिस के अनुसार, सड़क हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस आरोपी ट्रक चालक की पहचान करने में जुटी है।

घायलों का उपचार जारी।

उपचार जारी।